विपक्षी दल और मीडिया मेरे और पार्टी के बीच दूरी पैदा करने की कोशिश कर रहा है: गडकरी
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीजेपी नेतृत्व पर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि कुछ विपक्षी दलों और मीडिया के एक वर्ग ने उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की छवि को धूमिल करने के सिए कुछ लोग इरादतन ऐसे आरोप लगा रहे हैं। गडकरी ने इसे अपने और बीजेपी लीडरशिप के बीच दूरी पैदा करने की साजिश बताया है।

अपने बयान पर सफाई देते हुए गडकरी ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों में मैंने नोटिस किया है कि कुछ विपक्षी पार्टियां और मीडिया का एक खास वर्ग मेरे खिलाफ दुष्प्रचार चला रहा है। मेरे बयानों को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है और उन्हें संदर्भ से हटाकर राजनीतिक मंशा पूरी करने के लिए प्रयोग कर रहे हैं। इनकी राजनीतिक मंशा मेरे और मेरी पार्टी की छवि को धक्का पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हाल में दिया गया उनका बयान राजनीतिक नहीं था। उसे कुल मिलाकर एक न्यूज की तरह पेश किया गया।
गडकरी ने ट्वीट किया, 'एक बार फिर से सबको स्पष्ट कर देना चाहता हूं शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के साथ मेरी तनाव की झूठी खबरें फैलानेवाले लोग बीजेपी नेतृत्व और मेरे बीच किसी तरह की दूरी नहीं बढ़ा पाएंगे। विभिन्न मंचों से मैंने अपनी स्थिति स्पष्ट की है और आगे भी ऐसा करता रहूंगा। झूठे प्रचार करनेवालों का असली चेहरा सामने लाता रहूंगा।
बता दें कि भाजपा के वरिष्ठ नेता ने शनिवार को कहा था कि सफलता का श्रेय लेने के लिये लोगों में होड़ रहती है लेकिन विफलता को कोई स्वीकार नहीं करना चाहता। नेतृत्व में हार और असफलता को स्वीकार करने की प्रवृत्ति होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications