कोरोना के खिलाफ लड़ाई में रक्षा मंत्रालय आया साथ, 90 हजार मास्क किए तैयार
नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर सभी राज्यों ने विशेष अस्पतालों को तैयार कर लिया है, जहां पर सिर्फ कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज किया जाएगा। वहीं कोरोना वायरस की लड़ाई में अब स्वास्थ्य मंत्रालय को रक्षा मंत्रालय का भी साथ मिल गया है। रक्षा मंत्रालय से जुड़े सभी उत्पादक अब कोरोना से जुड़े सामानों का उत्पादन कर रहे हैं। जिससे स्वास्थ्य उपकरणों और सामानों की कमी को दूर किया जा सके।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 10 अस्पतालों में आइसोलेशन बेड की कमी थी। जिसको देखते हुए 280 बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं उनकी ओर से 90 हजार मास्क तैयार कर उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय को दिए गए हैं। इस हफ्ते के आखिर तक मेडिकल मास्क के टेस्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध करवा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: कोरोना के कहर के बीच कुदरत का करिश्मा, सांस की तकलीफ से जूझती महिला को हुए 4 बच्चे
वहीं रक्षा मंत्रालय से जुड़े निर्माता भी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं, जिसके चलते अभी तक 70 हजार लीटर हैंड सैनिटाइजर की सप्लाई अलग-अलग जगहों पर की जा चुकी है। इसके साथ ही खून की जांच के लिए कानपुर और चेन्नई में व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड के मुताबिक ओएफबी ने रैपिड एंटीबॉडी किट बनाने में इस्तेमाल होने वाली कोवरोल की सप्लाई शुरू कर दी है।
भारत में लगातार बढ़ रही संख्या
भारत की बात करें तो यहां संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 10,363 हो गई है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कोरोना वायरस से निपटने की पूरी कोशिश कर रही हैं। देशभर में वायरस से 339 लोगों की मौत हो गई है, जबकि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1036 है। देश में अभी महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2,455 हो गई है। कोरोना के प्रकोप को ही देखते हुए पीएम मोदी ने तीन मई तक देश में लॉकडाउन बढ़ा दिया है। वहीं कोरोना की ज्यादा से ज्यादा जांच हो सके, इसके लिए विदेशों से किट भी मंगवाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications