मंत्रीजी ने बताया नरेंद्र मोदी को बेस्ट लेकिन अखबार ने छाप दिया भ्रष्ट प्रधानमंत्री
नई दिल्ली। गुजरात व हिमाचल में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की उसके बाद तमाम भाजपा नेता श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दे रहे हैं। लेकिन राजस्थान के श्रम व नियोजन मंत्री जसवंत सिंह यादव ने जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेस्ट प्रधानमंत्री कहा तो इससे इतर अखबार में कुछ और ही छाप दिया गया है। दरअसल भाजपा की जीत पर जसवंत सिंह ने पीएम मोदी को बेस्ट प्रधानमंत्री कहा लेकिन अखबार में बेस्ट की जगह पर भ्रष्ट छप गया, जिस रिपोर्टर ने इस खबर को लिखा उसने गलती से बेस्ट को भ्रष्ट सुना और इसे लिख दिया, अगले दिन जब यह अखबार में छपा मिला तो अखबार को काफी शर्मिंदगी का भी सामना करना पड़ा।

आपको बता दें कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है, यहां भाजपा को 182 में से 99 सीटों पर जीत मिली है, वहीं कांग्रेस के खाते में कुल 80 सीटें आई हैं। जबकि हिमाचल प्रदेश में भाजपा को 68 में से 44 सीटों पर जीत मिली और कांग्रेस सिर्फ 22 सीटों पर समिट गई। भाजपा की जीत के बाद इसपर प्रतिक्रिया देते हुए जसवंत सिंह ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के बेस्ट प्रधानमंत्री हैं, उनके नेतृत्व में भाजपा को गुजरात और हिमाचल में प्रचंड बहुमत हासिल हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications