दिनभर की बड़ी खबरों का डेली डोज, पढ़िए बस एक क्लिक में...
कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवे और आखिरी टेस्ट में भी इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी। पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें...
नई दिल्ली। कप्तान विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवे और आखिरी टेस्ट में भी इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी। इस खबर के साथ-साथ पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें...

दिनभर की बड़ी खबरों पर एक नजर
चेन्नई टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को पारी और 75 रनों से हराया। इसी के साथ विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज भी 4-0 से अपने नाम कर ली।

चेन्नई टेस्ट: टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पारी और 75 रनों से हराया
चेन्नई टेस्ट में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पारी और 75 रनों से हराया। चेन्नई टेस्ट में भारतीय टीम की जीत में सबसे अहम योगदान करुण नायर का रहा। उन्होंने नाबाद रहते हुए 303 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। करुण नायर के साथ-साथ भारतीय ओपनर केएल राहुल ने भी 199 रनों की शानदार पारी खेली। इन दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट पर 759 रन बनाकर पारी घोषित की।
इंग्लैंड की बात करें तो उन्होंने पहली पारी में 477 रन और दूसरी पारी में 207 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 4-0 से सीरीज अपने नाम कर लिया। बता दें कि भारत-इंग्लैंड सीरीज का पहला टेस्ट ड्रा रहा था। यह इंग्लैंड के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी सीरीज जीत है। इससे पहले भारत का सबसे अच्छा प्रदर्शन 1992-93 में 3-0 से सीरीज जीत रहा है।

चेन्नई टेस्ट में जीत के साथ कप्तान कोहली ने बनाया खास रिकॉर्ड
चेन्नई टेस्ट में जीत के साथ ही भारतीय कप्तान विराट कोहली ने खास रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। दरअसल चेन्नई में विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया की ये 14वीं टेस्ट जीत है।
इसी के साथ कोहली ने कप्तान रहते हुए सबसे ज्यादा जीत के पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अजहरुद्दीन के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 47 मैच में 14 जीत हासिल की थी वहीं कोहली के नेतृत्व में महज 22 मैच में ही टीम इंडिया ने 14 टेस्ट जीत दर्ज की।

छोटे कारोबारियों को सरकार ने दी राहत, रखी एक खास शर्त
अरुण जेटली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके छोटे कारोबारियों को टैक्स में छूट दिए जाने की घोषणा के बारे में बताया। मौजूदा आयकर कानून 1961 की धारा 44 एडी के अनुसार 2 करोड़ रुपए तक का कारोबार करने वाले कारोबारियों का अनुमानित मुनाफा (प्रिजंप्टिव प्रॉफिट) 8 फीसदी माना जाता है और इसी के आधार पर उन पर टैक्स भी लगाया जाता है।
अब सरकार ने छोटे कारोबारियों को राहत देते हुए एक नया ऐलान किया है, जिसके तहत उन पर टैक्स का भार कम पड़ेगा। हालांकि, इसके लिए सरकार ने कुछ शर्तें भी रखी हैं। नए नियम के मुताबिक, अगर छोटे कारोबारी डिजिटल पेमेंट स्वीकार करते हैं तो 2 करोड़ तक का कारोबार करने वाले व्यापारियों का अनुमानित मुनाफा 6 फीसदी माना जाएगा।

नोटबंदी के बीच बैंक यूनियन करेंगी प्रदर्शन
देश में नोटबंदी के फैसले के चलते बैंक कर्मियों को होने वाली दिक्कत के चलते ऑल इंडिया बैंक एंप्लाईज एसोसिएशन और ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक दोनों ही बैंक यूनियनों ने मंगलवार को कहा कि बैंक कर्मियों को लेकर होने वाली दिक्कतों के चलते 28 दिसंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद दोनों यूनियन अपनी दिक्कतों से संबंधित पत्र वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात कर 29 दिसंबर को उनको देंगे। इसके अलावा देशभर में अगले साल 2 और 3 जनवरी, 2017 को भी बैंक यूनियन के सदस्य भी प्रदर्शन करेंगे।

सपा-बसपा और कांग्रेस पर यूपी में जमकर बरसे राजनाथ सिंह
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हरदोई जिले में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश से जिस विकास और सुशासन को दूर कर दिया है, भाजपा उसकी घर वापसी कराएगी।
कांग्रेस सहित विपक्ष पर हमला बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि उन्होंने हमें लोकसभा और राज्यसभा में नोटबंदी पर चर्चा नहीं करने दी, इसलिए हमने इस मुद्दे पर जनता के बीच जाने का फैसला किया। नोटबंदी के बाद बैंकों के बाहर लगी लाइन को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि लाइन तो सभी जगह आपने लगवाई है, हम तो उसे तोड़ना चाहते हैं।

नोटबंदी के बीच चंडीगढ़ चुनाव में BJP का डंका
नोटबंदी पर मचे सियासी घमासान के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का जलवा कायम है। चंडीगढ़ नगर निगम की 26 सीटों पर हुए चुनाव में पार्टी ने जीत का डंका बजाया है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन ने नगर निगम की 26 में से 20 सीटों पर जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही एक बार फिर चंडीगढ़ नगर निगम पर भाजपा का कब्जा हो गया है। वहीं, कांग्रेस को महज 4 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। 20 सीटों पर जीत के बाद चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय पर जश्न मनाया गया।












Click it and Unblock the Notifications