नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार में BRS भी लेगी हिस्सा, कल KCR करेंगे केजरीवाल-भगवंत मान से मुलाकात
नए संसद भवन की इमारत के उद्घाटन को लेकर अबतक 19 गैर-बीजेपी दल विरोध कर चुके हैं। अब भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता 28 मई को होने वाले नए संसद के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होंगे।

आगामी 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहे हैं। पीएम मोदी नए संसद भवन की इमारत का उद्घाटन करेंगे। लेकिन, गैर-बीजेपी दल लगातार उद्घाटन समारोह का सामूहिक रूप से बहिष्कार करने की रणनीति बना चुके हैं। इस कड़ी में अब भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पार्टी भी शामिल हो गई है। शुक्रवार को बीआरएस सूत्रों के मुताबिक, बीआरएस के नेता 28 मई को होने वाले नए संसद के उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होंगे।
वहीं, बीआरएस के प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव शनिवार को होने वाली नीति आयोग की बैठक में शामिल नहीं होंगे। सीएम केसीआर हैदराबाद में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान और अन्य सांसदों से मुलाकात करेंगे। नए संसद के उद्घाटन समारोह से एक दिन पहले हो रही विपक्षी दलों की बैठक अहम मानी जा रही है। सियासी गलियारों में हलचल है कि विपक्षी दल एकजुट होकर बहिष्कार में आवाज बुलंद करने की रणनीति पर काम कर सकते हैं।
विपक्षियों का एक ही सुर 'बहिष्कार'
बहिष्कार करने वालों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू), महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला शिवसेना गुट (UBT), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के गुट (सीपीआई (एम), सीपीआई), बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK),उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (SP), झारखंड मुक्ति मोर्चा शामिल हैं।
इनके साथ ही केरल कांग्रेस (मणि), शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), राष्ट्रीय लोकदल (RLD), जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्रियों फारूक और उमर अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC), रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP), आम आदमी पार्टी (आप), विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम भी पार्टियां भी बहिष्कार कर रही हैं। अब इनमें भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पार्टी भी जुड चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications