नोटबंदी के बाद छापेमारी में जब्त किए जा रहे नोटों का होगा क्या?
ईडी के डायरेक्टर कर्नल सिंह ने सोमवार को बताया कि उन्होंने पहले एक सर्कुलर जारी करके निर्देश दिए थे कि सीज किए गए नोट स्ट्रॉन्ग रूम में रखे जाएं
नई दिल्ली। नोटबंदी की घोषणा होने के बाद 9 नवंबर से अब तक करीब 100 करोड़ रुपये के नए नोट सीज किए जा चुके हैं। इनमें से ज्यादातर नोट 2000 रुपये के हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED), इनकम टैक्स विभाग और पुलिस की ओर से छापेमारी में जब्त किए जा रहे करोड़ों के नोट आखिर कहां जाएंगे? इन नोटों का होगा क्या?

ईडी की ओर से जारी निर्देश में सभी जोन कार्यालयों को कहा गया है कि जब्त की गई रकम को एजेंसी की ओर से अलग-अलग शहरों में खुलवाए गए बैंक अकाउंट में जमा करा दिया जाएं ताकि इन्हें एक बार फिर बैंकों के सर्कुलेशन में लाया जा सके।
पहले जारी हुआ था ये सर्कुलर
ईडी के डायरेक्टर कर्नल सिंह ने सोमवार को बताया कि उन्होंने पहले एक सर्कुलर जारी करके निर्देश दिए थे कि सीज किए गए नोट स्ट्रॉन्ग रूम में रखे जाएं। लेकिन अब फैसला बदला है। उन्होंने कहा, 'जनता को काफी परेशानी हो रही है। इसे ध्यान में रखते हुए हमने पैसों को बैंकों में जमा करने का फैसला लिया है।'
सरकार ने भी जारी किया निर्देश
सरकार ने इनकम टैक्स विभाग से भी जब्त की गई रकम को बैंक में जमा कराने के लिए कहा है। इसके पहले तक एजेंसियां सीज किए गए पैसों को स्ट्रॉन्ग रूम में रखती थीं। कई बार इनकम टैक्स विभाग और दूसरी एजेंसियों को केस सुलझाने में सालों लग जाते थे जिससे उन पैसों का इस्तेमाल नहीं हो पाता था और नोट वैसे ही बंद रखे रहते थे।
नोटबंदी के बाद अब तक करीब चार सौ करोड़ रुपये सीज किए गए हैं इनमें से 100 करोड़ रुपये नए नोटों में हैं। ईडी ने हाल ही में कई जगहों पर छापेमारी करके करोड़ों रुपये जब्त किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications