पटना को मिलने जा रहा नया पांच सितारा होटल, पाटलिपुत्र अशोक की जमीन पर होगा निर्माण
पटना में 1.5 एकड़ में एक नया फाइव-स्टार होटल बनाया जाएगा, जिससे पर्यटन और आर्थिक विकास बढ़ेगा। इस परियोजना में कुमार इन्फ्राट्रेड एंटरप्राइजेज के साथ 60+30 वर्षों का पट्टा समझौता शामिल है।
राजधानी पटना के पर्यटन मानचित्र पर एक और महत्वपूर्ण मुकाम जुड़ने जा रहा है। बीरचंद पटेल पथ स्थित ऐतिहासिक होटल पाटलिपुत्र अशोक की लगभग 1.5 एकड़ भूमि पर अब एक नया पांच सितारा होटल विकसित किया जाएगा। इसके विकास, संचालन और रखरखाव के लिए 60+30 वर्षों की अवधि के लिए लीजहोल्ड अधिकार मेसर्स कुमार इंफ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, पटना को प्रदान किए गए हैं।

परियोजना की प्रतिष्ठा और महत्व को देखते हुए, चयनित एजेंसी ने जानकारी दी है कि होटल संचालन के लिए तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ब्रांड — जेडब्ल्यू मैरियट, हयात रीजेंसी और आईटीसी होटल्स — को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें से किसी एक ब्रांड के साथ अनुबंध कर कम से कम 100 कमरों वाले फाइव स्टार होटल का संचालन किया जाएगा। परियोजना की शर्तों के अनुसार, एलओए (लेटर ऑफ अवार्ड) की तिथि से 150 दिनों के भीतर चयनित एजेंसी को किसी प्रतिष्ठित 5-सितारा होटल ब्रांड के साथ ऑपरेशंस एंड मैनेजमेंट (O&M) अनुबंध करना अनिवार्य है, जिसके पास इस श्रेणी के होटल संचालन का अनुभव हो। चयनित एजेंसी को हर वर्ष ₹7.57 करोड़ का वार्षिक लीज़ प्रीमियम (जीएसटी, करों और अन्य शुल्कों को छोड़कर) बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) को देना होगा। यह प्रीमियम हर 5 वर्षों में 10% की दर से बढ़ेगा। इसके अलावा, एजेंसी को 11 वर्षों की अवधि में ₹28.5 करोड़ (MVR) का भुगतान करना होगा। यदि यह राशि अग्रिम में एकमुश्त अदा की जाती है तो कोई ब्याज देय नहीं होगा, अन्यथा बकाया राशि पर 9.5% की दर से ब्याज देना होगा। नए होटल के निर्माण से पहले, मौजूदा होटल पाटलिपुत्र अशोक की संरचना को ध्वस्त किया जाएगा। नया भवन भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानदंडों और दिशानिर्देशों के अनुसार निर्मित किया जाएगा। यह परियोजना न केवल बिहार की राजधानी पटना में उच्च स्तरीय पर्यटक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी एक नई दिशा देगी












Click it and Unblock the Notifications