Rubika Liyaqat Threats: टीवी पत्रकार रूबिका लियाकत को जान से मारने की धमकी, पति ने नोएडा में दर्ज कराई FIR
Rubika Liyaqat Threats: वरिष्ठ टीवी पत्रकार रूबिका लियाकत को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में उनके पति नवेद कुरैशी की शिकायत पर नोएडा के सेक्टर-39 थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से अलग-अलग अज्ञात मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं।
bhadas4media.com के मुताबिक, शिकायत में यह भी कहा गया है कि धमकी देने वाले उनकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

एक महीने से मिल रहे थे धमकी भरे कॉल और मैसेज
एफआईआर के मुताबिक, रूबिका लियाकत को पिछले करीब एक महीने से लगातार अलग-अलग अज्ञात नंबरों से कॉल और मैसेज मिल रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉल करने वाले लोग उन्हें जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। लगातार मिल रही इन धमकियों से परिवार काफी परेशान और डरा हुआ है। इसी वजह से उनके पति नवेद कुरैशी ने पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढे़ं: Noida: जेवर में नोएडा एयरपोर्ट पर पहली फ़्लाइट उतरी, किसने की पहली यात्रा?
लोकेशन की जानकारी से बढ़ी परिवार की चिंता
शिकायत में सबसे गंभीर बात यह बताई गई है कि धमकी देने वाले लोग रूबिका लियाकत के आने-जाने और अलग-अलग जगहों पर मौजूद होने की जानकारी भी दे रहे थे। इससे परिवार को शक है कि कोई उनकी निगरानी कर रहा है या किसी तरह उनकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है। इसी कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई है। शिकायत में इसे सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मामला बताया गया है।
Rubika Liyaqat FIR: पुलिस से तकनीकी जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की पूरी तकनीकी जांच कराने की मांग की है। इसमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR), लोकेशन विश्लेषण और डिजिटल फॉरेंसिक जांच शामिल है। साथ ही दूरसंचार कंपनियों से संबंधित जानकारी जुटाने और सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध भी किया गया है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढे़ं: हाई कोर्ट में झुका खान सर का ग्रुप! अंजना ओम कश्यप पर टिप्पणी वाले मामले में आया बड़ा अपडेट
परिवार ने सुरक्षा देने की भी उठाई मांग
एफआईआर में रूबिका लियाकत और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि पुलिस सुरक्षा, नियमित गश्त और जरूरत पड़ने पर अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। परिवार ने यह भी कहा है कि उनके पास मौजूद कॉल लॉग, संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जानकारी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जांच एजेंसी को सौंप दिए जाएंगे, ताकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच जारी
नोएडा के सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धारा के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल करने वाले कौन हैं और उनका उद्देश्य क्या था। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications