NEET UG 2024: कांग्रेस ने की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग, कहा-छात्रों का मुद्दा हमारी जिम्मेदारी
NEET UG Result 2024: नीट यूजी धांधली मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। ग्रेस मार्क्स के विवाद के बीच अब विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों ले लिया है। कांग्रेस पार्टी ने NEET परीक्षा की जांच की मांग की है।
साथ ही केंद्र की बीजेपी सरकार के रवैए को गैरजिम्मेदाराना और असंवेदनशील करार दिया है। हालांकि इस पूरे मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को मेडिकल एंट्रेस एग्जाम नीट-यूजी में पेपर लीक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इसका कोई सबूत नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, "कांग्रेस पार्टी का मानना है कि NEET परीक्षा की जांच की मांग के प्रति भाजपा सरकार का रवैया गैरजिम्मेदाराना और असंवेदनशील है। हम इस पूरे घोटाले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग करते हैं।"
केंद्र सरकार पर निशाना साधा
उन्होंने बताया कि इससे करीब 24 लाख छात्र प्रभावित हुए हैं। NEET घोटाले पर ध्यान देने के बजाय, प्रधानमंत्री मोदी शपथ समारोहों में भाग लेने और विदेश यात्राओं पर जाने में व्यस्त हैं। INDIA गठबंधन इन छात्रों के मुद्दे को उठाएगा क्योंकि यह हमारी जिम्मेदारी है।
NTA जल्द नोटिस जारी करेगा
NEET-UG 2024 में ग्रेस नंबर विवाद को लेकर राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) जल्द ही एक सार्वजनिक नोटिस जारी करेगा और इन 1563 उम्मीदवारों से ईमेल के माध्यम से संपर्क करेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें आधिकारिक संचार प्राप्त हो।
23 जून को दोबारा एग्जाम लिया जाए
सुप्रीम कोर्ट में NEET-UG 2024 परीक्षा की सुनवाई पर फिजिक्स वाला के CEO अलख पांडे ने कहा, "आज NTA ने खुद माना है कि जो ग्रेस मार्क्स दिया गया था उससे बच्चों में असंतोष है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिन बच्चों को ग्रेस मार्क्स (1563) मिले थे, उन बच्चों का 23 जून को दोबारा एग्जाम लिया जाए। अब इनमें से जो बच्चे फिर से एग्जाम देना चाहते हैं वे दे सकते हैं जो नहीं देना चाहते हैं उनका असली स्कोर रहेगा। NTA ने सुप्रीम कोर्ट के सामने माना कि उनके द्वारा दिए गए ग्रेस मार्क्स गलत थे। सवाल यह है कि क्या NTA में कोई और विसंगति है जिसके बारे में हमें जानकारी नहीं है। पेपर लीक का मुद्दा खुला है और उस पर सुनवाई जारी रहेगी।"












Click it and Unblock the Notifications