'2022 से चल रहा था सॉल्वर गैंग', NEET धांधली के आरोपी रविशंकर ने पूछताछ में खोले कई बड़े राज
NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा में कथित धांधली के मामले की जांच कर रही बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को पूछताछ के दौरान अहम जानकारी मिली है। रिमांड पर लिए गए पावापुरी मेडिकल कॉलेज के छात्र डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट और उसके भाई अश्विनी कुमार से शनिवार को लंबे समय तक सवाल-जवाब किए गए। जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ में कई ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जिन पर परीक्षा में फर्जीवाड़े में शामिल होने का शक है।
इनमें मूल अभ्यर्थी, मेडिकल छात्र और बायोमीट्रिक से जुड़े कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि कुछ मेडिकल छात्रों को मूल परीक्षार्थियों की जगह 'स्कॉलर' बनाकर परीक्षा केंद्रों पर बैठाया गया था। अब EOU इन लोगों की भूमिका की जांच के साथ उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुटी है।

दो दर्जन से ज्यादा लोगों की हुई पहचान
EOU के मुताबिक, डॉ. रविशंकर ने पूछताछ के दौरान कथित फर्जीवाड़े से जुड़े दो दर्जन से ज्यादा लोगों की पहचान की है। इनमें करीब एक दर्जन मेडिकल छात्र बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि इन मेडिकल छात्रों को अलग-अलग राज्यों के मेडिकल कॉलेजों से बुलाया गया था और उन्हें मूल अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने के लिए इस्तेमाल किया गया।
ये भी पढ़ें:
तस्वीरें दिखाकर कराई गई पहचान
पूछताछ के दौरान EOU की टीम ने डॉ. रविशंकर को कई लोगों की तस्वीरें दिखाईं। इनमें मूल परीक्षार्थी, कथित तौर पर स्कॉलर बने मेडिकल छात्र और बायोमीट्रिक कर्मचारियों की तस्वीरें शामिल थीं। जांच एजेंसी के अनुसार, रविशंकर ने तस्वीरों को देखकर कई लोगों की पहचान की। इस जानकारी को अब आगे की जांच का आधार बनाया जा रहा है। पूछताछ पूरी होने के बाद डॉ. रविशंकर और उसके भाई अश्विनी कुमार को दोबारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों को पटना की बेऊर जेल भेजा गया है।
2022 से परीक्षा फर्जीवाड़े में शामिल होने का दावा
पूछताछ में डॉ. रविशंकर ने कथित तौर पर बताया कि वह वर्ष 2022 से NEET और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़े से जुड़ा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि MBBS परीक्षा से जुड़े एक मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए उसे कोर्ट से राहत मिली थी। इसी दौरान उस पर बायोमीट्रिक वेंडरों की मदद से बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की हवलदार अनुदेशक परीक्षा में भी गड़बड़ी की कोशिश करने का आरोप है।
अश्विनी के फ्लैट से मिले थे दस्तावेज
जांच के दौरान अश्विनी कुमार के फ्लैट से कई अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण पत्र मिलने की बात सामने आई थी। इसके अलावा कथित तौर पर फर्जी आय, जाति और दिव्यांगता प्रमाण पत्र से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए थे। EOU ने पूछताछ में इन दस्तावेजों और संबंधित अभ्यर्थियों के बारे में भी जानकारी हासिल की। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के साथ किए गए अनुबंध को लेकर भी अश्विनी से सवाल पूछे गए।
ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी के लिए किया था अनुबंध
पूछताछ में अश्विनी कुमार ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि आगामी NEET परीक्षा को CBT यानी कंप्यूटर आधारित परीक्षा के रूप में आयोजित किए जाने की संभावना को देखते हुए उसने एक ऑनलाइन सेंटर के साथ अनुबंध किया था। EOU अब इस सेंटर और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
अब कई जगह हो सकती है छापेमारी
जांच एजेंसी को डॉ. रविशंकर से मिली जानकारी के आधार पर अब कार्रवाई तेज होने की संभावना है। EOU की विशेष टीम कथित फर्जीवाड़े से जुड़े मूल अभ्यर्थियों, उनकी जगह परीक्षा देने वाले मेडिकल छात्रों और बायोमीट्रिक वेंडरों की तलाश कर रही है। जांच एजेंसी के अनुसार, इन लोगों की पहचान की पुष्टि के बाद अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़ें:


Click it and Unblock the Notifications
