NEET UG 2024: ग्रेस मार्क्स पर अलख पांडे ने NTA पर उठाए थे सवाल, जानिए सुप्रीम कोर्ट तक कैसे पहुंची लड़ाई?
NEET-UG 2024 Controversy: 'फिजिक्सवाला' के संस्थापक अलख पांडे ने नीट यूजी रिजल्ट 2024 में ग्रेस मार्क्स को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी। उन्होंने नीट-यूजी 2024 परीक्षा से जुड़े मुद्दों के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। जिसके बाद अब फिर से परीक्षा करवाई जाएगी।
'फिजिक्सवाला' के सीईओ ने नीट की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद पूरे देश में उनकी चर्चा जोरो-शोरों से होने लगी। दरअसल, नीट यूजी रिजल्ट 2024 उस वक्त विवादों से घिर गया, जब 1,563 छात्रों को ग्रेस नंबर दिए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
इतना ही नहीं परिणामों से पता चला कि 67 छात्रों ने कुल 720 अंक प्राप्त किए, जो पिछले वर्षों के परिणामों की तुलना में बहुत ज्यादा था। ऐसे में छात्रों के भविष्य को लेकर अलख पांडे आगे आएं और उन्होंने इसे लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की।
पांडे की याचिका में एनटीए की ओर से 1,500 से अधिक उम्मीदवारों को मनमाने ढंग से ग्रेस अंक दिए जाने का आरोप लगाया गया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से परीक्षा प्रक्रिया और उसके परिणामों की जांच के लिए एक विशेषज्ञ पैनल गठित करने का भी अनुरोध किया।
4 जून को घोषित हुआ था रिजल्ट
मालूम हो कि 5 मई को 4750 केंद्रों पर आयोजित नीट-यूजी 2024 में लगभग 24 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था। हालांकि परिणाम 14 जून को आने की उम्मीद थी, लेकिन कथित तौर पर उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में तेजी के कारण उन्हें 4 जून को ही घोषित कर दिया गया।
इस बीच प्रश्नपत्र लीक होने और ग्रेस मार्क्स दिए जाने के आरोपों के बाद विवाद शुरू हो गया, जिसके कारण मामला सुप्रीम कोर्ट तक जा पहुंचा और रिजल्ट को कानूनी चुनौती दी गई।
फिजिक्सवाला अलख पांडे का बयान
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई को लेकर फिजिक्सवाला के CEO अलख पांडे ने कहा था कि NTA ने खुद माना है कि जो ग्रेस मार्क्स दिया गया था, उससे बच्चों में असंतोष है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिन बच्चों को ग्रेस मार्क्स (1563) मिले थे, उन बच्चों का 23 जून को दोबारा एग्जाम लिया जाए।
उन्होंने बताया कि अब इनमें से जो बच्चे फिर से एग्जाम देना चाहते हैं वे दे सकते हैं जो नहीं देना चाहते हैं उनका असली स्कोर रहेगा। NTA ने सुप्रीम कोर्ट के सामने माना कि उनके द्वारा दिए गए ग्रेस मार्क्स गलत थे। सवाल यह है कि क्या NTA में कोई और विसंगति है जिसके बारे में हमें जानकारी नहीं है।
NEET-UG धोखाधड़ी कांड का भंडाफोड़
गुजरात पुलिस ने पंचमहल जिले के गोधरा में जलाराम स्कूल के प्रिंसिपल सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, इन पर छात्रों को NEET-UG परीक्षा पास कराने में मदद करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं पर खाली जगह छोड़ने का निर्देश दिया गया था, ताकि शिक्षक बाद में उसे पूरा कर सकें। पुलिस ने 2.30 करोड़ रुपए के आठ खाली चेक और चेक का एक और सेट जब्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications