पहले ना, अब हां...विपक्ष की बैठक में शामिल होंगे NCP अध्यक्ष शरद पवार
Opposition Meeting: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज विपक्षी दलों की दूसरी दो दिवसीय बैठक होने जा रही है। इससे पहले पिछले महीने ही 23 जून को पटना में विपक्ष की पहली बैठक हुई थी, जिसमें भाजपा विरोधी दलों ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए हुंकार भरी थी।
इस बैठक को लेकर बड़ी खबर ये है कि एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने इसमें शामिल होने के लिए हां कर दी है। हालांकि पहले खबर आई थी कि शरद पवार आज विपक्ष की बैठक में शामिल नहीं होंगे। खुद एनसीपी के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि भी की थी, कि शरद पवार बेंगलुरु नहीं जा रहे हैं। लेकिन, ताजा अपडेट ये है कि शरद पवार और एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले विपक्ष की बैठक में शामिल होंगे।

इससे पहले बताया गया था कि शरद पवार की जगह एनसीपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले विपक्ष की बैठक में जाएंगी। आपको बता दें कि पिछले दिनों ही शरद पवार के भतीजे अजीत पवार, बड़ी संख्या में एनसीपी के विधायकों को साथ लेकर महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार में शामिल हुए हैं। ऐसे में विपक्ष की बैठक में शरद पवार के ना जाने की खबर से कई सवाल खड़े हो गए थे।
गौर करने वाली बात ये भी है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने का जिम्मा जिन दिग्गज नेताओं ने उठाया है, उनमें शरद पवार भी एक प्रमुख चेहरा हैं।
भाजपा के खिलाफ विपक्ष के साथ आए अरविंद केजरीवाल
बेंगलुरु में आज होने जा रही विपक्ष की बैठक में आम आदमी पार्टी भी शामिल हो रही है। आम आदमी पार्टी ने इस बैठक का हिस्सा बनने का फैसला तब लिया, जब कांग्रेस ने ऐलान किया कि वो दिल्ली सरकार के खिलाफ लाए गए अध्यादेश का विरोध करेगी। माना जा रहा है कि आज विपक्ष के करीब 24 दल इस बैठक में शिरकत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications