'महाराष्ट्र के बाद नीतीश-अखिलेश का नंबर'... NDA के दिग्गज नेता ने बताया, यूपी-बिहार में क्या होने वाला है?
Maharashtra politics: महाराष्ट्र में दो साल के भीतर, पहले शिवसेना और फिर एनसीपी में हुई टूट के बाद इस बात को लेकर सियासी कयासबाजी शुरू हो गई है कि क्या अब यूपी और बिहार में भी ऐसा ही कुछ होने जा रहा है।
ये कयासबाजी इसलिए शुरू हुई, क्योंकि महाराष्ट्र में दो क्षेत्रीय दल देखते ही देखते एनडीए का हिस्सा हो गए। अब इस कयासबाजी पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के नेता और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने जवाब दिया है।

रामदास अठावले ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'बहुत जल्द ही बिहार में भी महाराष्ट्र जैसी स्थिति नजर आ सकती है, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जेडीयू के कई विधायक नाराज हैं। भाजपा के साथ गठबंधन में जेडीयू के कम विधायकों के जीतने के बावजूद नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन वो आरजेडी के साथ चले गए। इस बात को लेकर जेडीयू विधायकों में नाराजगी है।'
'सपा विधायकों में पड़ सकती है फूट'
रामदास अठावले ने आगे कहा, 'यही हाल यूपी का है। आरएलडी के अध्यक्ष जयंत चौधरी जल्द ही एनडीए में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि वो सपा प्रमुख अखिलेश यादव से नाराज हैं। नाराजगी की वजह से ही वो पटना में हुई विपक्ष की बैठक में उनके साथ नहीं गए। इस बात की भी संभावना है कि समाजवादी पार्टी के विधायकों में फूट पड़ सकती है।'
'हमने अजित पवार को नहीं तोड़ा, वो खुद टूटे हैं'
वहीं, अजित पवार को लेकर पूछे गए सवाल पर रामदास अठावले ने कहा, 'ये कहना गलत है कि हमने अजित पवार को तोड़ा है, वो खुद टूटकर हमारे पास आए हैं। लोग समझ रहे हैं कि अगर देश का विकास करना है तो नरेंद्र मोदी के साथ जाना होगा। और, इसीलिए महाराष्ट्र जैसी स्थिति कुछ और राज्यों में पैदा हो सकती है।'
आपको बता दें कि रविवार को अजित पवार एनसीपी के 40 विधायकों के साथ एनडीए में शामिल हो गए। अजित पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया है और उनके साथ 8 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है।












Click it and Unblock the Notifications