अजित के खिलाफ कार्रवाई होगी, चुनेंगे विधायक दल का नया नेता: शरद पवार
अजित पवार के खिलाफ कार्रवाई होगी, विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा: शरद पवार
नई दिल्ली। शरद पवार ने पार्टी से बगावत कर भाजपा के साथ जाने वाले अपने भतीजे अजित पवार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि अजित पार्टी लाइन के बाहर गए हैं। उन्होंने निजी स्तर पर भाजपा के साथ जाने का फैसला किया है, ऐसे में उन पर नियमों के मुताबिक एक्शन होगा। पवार ने एनसीपी विधायक दल का नया नेता भी चुनने की बात कही है। अभी अजित पवार एनसीपी विधायक दल के नेता हैं।

अजित के साथ गए विधायक मेरे साथ हैं: शरद पवार
पवार ने कहा है कि अजित के भाजपा को समर्थन देने का पता मुझे सुबह ही चला, जब शपथ ग्रहण हो गया। एनसीपी प्रमुख ने कहा कि जो विधायक अजित के साथ गए उन्होंने मुझसे बताया है कि उन्हें धोखे से ले जाया गया। ये सभी विधायक मेरे साथ हैं। 10 विधायक अजित के साथ गए, इनमें से तीन अभी मेरे साथ बैठे हैं। इन विधायकों ने कहा है कि कुछ काम होने की बात कहकर हमें बुलाया गया और राजभवन ले गए।

अजित पवार ने ठीक नहीं किया
महाराष्ट्र में शनिवार सुबह भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और एनसीपी विधायक अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। अजित ने एनसीपी विधायकों के भाजपा को समर्थन की बात कही है लेकिन पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने साफ कहा है कि बीजेपी को समर्थन देकर महाराष्ट्र में सरकार बनाने का फैसला पार्टी का नहीं बल्कि उनके भतीजे अजित पवार का निजी फैसला है। वो पार्टी लाइन के बाहर गए हैं। शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने भी अजित को धोखा देने वाला कहा है।
Recommended Video

भाजपा लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही: ठाकरे
शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में गंदा खेल कर रही है, जिस तरह से लोकतंत्र का मजाक उड़ाया गया उसे देश देख रहा है। शिवसेना जो कहती है, सबके सामने कहती है लेकिन भाजपा ने धोखा दिया है। भाजपा ने बिहार और हरियाणा में लोकतंत्र का मजाक उड़ाया और महाराष्ट्र में भी।












Click it and Unblock the Notifications