NCB ने शुरू की ‘ड्रग फ्री कैंपस – निरामय’ पहल, जानें क्या है पीछे का मकसद?
NCB Drug Free Campus Initiative: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अपने 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर 'ड्रग फ्री कैंपस - निरामय' पहल की शुरुआत की। इस अभियान का मकसद देशभर के कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों को नशामुक्त बनाना है, ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके। इस पहल की शुरुआत कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज, दिल्ली से की गई, जहां उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस खास मौके पर NCB के उत्तर क्षेत्रीय उप महानिदेशक नीरज कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज के प्राचार्य प्रो शिव कुमार सहदेव, दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति (वीडियो संदेश के माध्यम से), CSTS की निदेशक डॉ. सविता झा, कॉलेज प्रशासन, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

जानें क्यों जरूरी है यह पहल?
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शिव कुमार सहदेव ने कहा कि शिक्षा सिर्फ ज्ञान प्राप्त करने का जरिया नहीं है, बल्कि यह छात्रों के समग्र विकास को सुनिश्चित करती है। लेकिन नशे की बढ़ती लत युवाओं के जीवन और करियर को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही है। इसी को रोकने के लिए NCB ने 'ड्रग फ्री कैंपस' पहल शुरू की, जो एक सराहनीय कदम है।
CSTS निदेशक डॉ. सविता झा ने भी इस पहल को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि भारत सरकार 'नशा मुक्त भारत' अभियान पर पूरी तरह फोकस कर रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
क्या-क्या हुआ इस कार्यक्रम में?
- ई-प्रतिज्ञा अभियान: सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त कैंपस बनाने की शपथ ली।
- हस्ताक्षर अभियान: ड्रग फ्री कैंपस को समर्थन देने के लिए हस्ताक्षर अभियान की घोषणा हुई।
- 'मुक्तिवीरों' का सम्मान: उन 11 लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने नशे की लत को छोड़ा और एक नई जिंदगी शुरू की। इनमें से दो 'मुक्तिवीरों' ने अपने अनुभव भी साझा किए।
- नुक्कड़ नाटक: कॉलेज के छात्रों ने नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें बताया गया कि नशा सिर्फ व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
ड्रग फ्री कैंपस अभियान के तहत प्रतियोगिताएं
इस पहल को पूरे देश में फैलाने के लिए 17 मार्च 2025 से 17 अप्रैल 2025 तक पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी...
- लघु फिल्म / डॉक्यूमेंट्री प्रतियोगिता
- पोस्टर प्रतियोगिता
- स्लोगन लेखन
- कविता लेखन
- नाटक / नुक्कड़ नाटक अवधारणा
इन प्रतियोगिताओं का मकसद युवाओं में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें नशे के खिलाफ सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है।
समापन और भविष्य की रणनीति
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इसमें 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्वास्थ्य और स्वच्छता समिति के संयोजक डॉ. अभिषेक प्रियदर्शी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
NCB का यह अभियान देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में लागू किया जाएगा, जिससे छात्रों को जागरूक किया जाए और कैंपस को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications