गढ़चिरौली एनकाउंटर में मारा गया था 25 लाख का इनामी नक्सली कमांडर, दो दिन बाद बरामद हुआ शव
नई दिल्ली, 16 नवंबर: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें 26 नक्सली मारे गए थे। बाद में खुद को कमजोर पड़ता देख बचे हुए नक्सली जंगल में भाग गए। घटना के दो दिन बाद यानि मंगलवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सली कमांडर सुखलाल परचाकी का भी शव मुठभेड़ स्थल के पास मिला, जिस वजह से अब मारे गए नक्सलियों की संख्या 27 हो गई।
Recommended Video

मामले में गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दो दिन पहले हुए मुठभेड़ के बाद से शवों को निकालने और अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी था। इसी बीच नक्सल कमांडर सुखलाल का शव बरामद हुआ। लंबे वक्त से पुलिस को उसकी तलाश थी, जिस वजह से उसके ऊपर 25 लाख का इनाम भी रखा गया था। अब इस मुठभेड़ में मारे गए लोगों की संख्या 27 हो गई, जबकि 3 जवान घायल बताए जा रहे हैं। इस ऑपरेशन में गढ़चिरौली पुलिस के साथ सी-60 कमांडो की टुकड़ी भी शामिल थी।
इसके अलावा पुलिस को मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद हुए हैं। जिसमें 5 एके-47, एक एके यूबीजीएल, नौ एसएलआर, एक इनसास, 12 बोर राइफल और एक पिस्टल शामिल है। इसके अलावा सभी 27 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए। सभी लंबे वक्त से इलाके में सक्रिय थे। मुठभेड़ वाली जगह छत्तीसगढ़ बॉर्डर के पास है, जिस वजह से वहां पर काफी मूवमेंट रहती है।
इलाके में थे 100 से ज्यादा नक्सली
आपको बता दें कि घटना के वक्त इलाके में 100 से ज्यादा नक्सली मौजूद थे। जब उन्होंने सुरक्षाबलों को देखा, तो उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें 4-5 जवान घायल हुए। सूत्रों के मुताबिक नक्सली बदला लेने के लिए बड़े हमले को अंजाम दे सकते हैं, जिस वजह से आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications