Farmers Protest: सिद्धु का मोदी सरकार पर तंज, कहा- ये असंतोष की चिंगारी, पूरा देश जन आंदोलन के लिए एकजुट
नई दिल्ली: मोदी सरकार संसद के मानसून सत्र में तीन कृषि बिल लेकर आई थी, जो काफी हंगामे के बाद पास हो गए। अब पंजाब और हरियाणा के किसानों ने नए कानूनों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। साथ ही इस कानून को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं। केंद्र सरकार ने किसान नेताओं के साथ पांच बार बैठक की लेकिन मुद्दे का समाधान नहीं निकला। अब पंजाब से कांग्रेस विधायक नवजोत सिंह सिद्धु ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
Recommended Video

सिद्धु ने रविवार को अपने ट्विटर पर एक मिनट का वीडियो शेयर किया। जिसमें वो किसानों के आंदोलन से जुड़ी बात कह रहे हैं। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि भारत की जनता का बहुमत किसानों की ओर है। किसान आंदोलन विविधता में एकता का निर्माण कर रहा है। ये असंतोष की चिंगारी है, जिस वजह से पूरा देश जाति, धर्म आदि से ऊपर उठकर इस जन आंदोलन के लिए एकजुट हो रहा है। आज हमारे किसानों की दहाड़ दुनियाभर में गूंज रही है। अपने पूरे वीडियो में सिद्धु ने शायरी के जरिए किसानों की तारीफ की।
किसानों के साथ खड़ी पंजाब सरकार
नए कृषि कानूनों का विरोध सबसे ज्यादा कृषि प्रधान राज्य पंजाब में हो रहा है। वहां की कांग्रेस सरकार ने भी साफ कर दिया है कि वो किसानों के साथ खड़ी है। जिस वजह से किसी भी कीमत पर कानून को राज्य में लागू नहीं होने दिया जाएगा। हाल ही में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। साथ ही किसानों के मुद्दे को जल्द से जल्द हल करने की मांग की थी।
दिल्ली के बॉर्डर पर डटे किसान
दिल्ली पुलिस ने किसानों को बुराड़ी के निरंकारी मैदान में प्रदर्शन की इजाजत दी थी, लेकिन किसान रामलीला मैदान और संसद के पास प्रदर्शन करना चाहते हैं। मनमुताबिक जगह नहीं मिलने की वजह से किसान दिल्ली हरियाणा बॉर्डर पर डटे हैं। साथ ही उन्होंने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। किसान नेताओं के मुताबिक जब तक केंद्र सरकार नए कानून को वापस नहीं लेती तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications