मंत्री पद संभालने के साथ टीवी शो करते रहेंगे सिद्धू, मिला ग्रीन सिग्नल
नवजोत सिंह सिद्धू के टीवी शो में काम करने पर एडवोकेट जनरल ने कहा कि इसका मंत्री पद के साथ कोई टकराव नहीं है। अब सिद्धू के शो करने के रास्ते में कानूनी बाधा नहीं है।
दिल्ली। पंजाब के संस्कृति मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के टीवी शो करने पर उठे विवाद पर फिलहाल विराम लग गया है। पंजाब के एडवोकेट जनरल और मुख्यमंत्री की तरफ से सिद्धू को टीवी शो में काम जारी रखने का कानूनी ग्रीन सिग्नल मिल गया है।

सिद्धू के टीवी शो को लेकर उठे विवाद पर मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने एडवोकेट जनरल अतुल नंदा से राय मांगी थी। अतुल नंदा ने अपनी रिपोर्ट में मुख्यमंत्री से कहा कि उन्होंने सिद्धू के कैबिनेट मंत्री के पद संभालने और टीवी शो में काम करने के बीच किसी तरह का विरोधाभास नहीं पाया। अतुल नंदा ने कहा कि इसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के ऑफिस से जारी बयान में कहा गया है कि अब सिद्धू के टीवी शो में काम करने के रास्ते में कोई कानूनी बाधा नहीं है और उनको मिले संस्कृति मंत्रालय के पोर्टफोलियो को बदलने की भी जरूरत नहीं है।
इससे पहले विरोधियों ने नवजोत सिद्धू के कपिल शर्मा के टीवी शो में काम करने पर सवाल उठाए थे। सिद्धू ने इसके जवाब में कहा था कि वे घर चलाने के लिए टीवी शो में काम करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications