नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक ने बुरहान वानी को बताया शहीद, महबूबा पर निशाना
भारत सरकार के निर्देश पर सेना ने जम्मू कश्मीर में आतंक के सफाए के लिए ऑपरेशन ऑल आउट चला रखा है, जिसमें अब तक 200 से ज्यादा आतंकियों का खात्मा किया जा चुका है
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक नेता ने विवादास्पद बयान दिया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक अब्दुल माजिद लारमी ने आतंकी बुरहान वानी को शहीद बताया है। मीडिया से बात करते हुए लारमी ने राज्य की सीएम मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनका कश्मीरियों के दर्द से कोई लेना देना नहीं है। बुरहान वानी के शहीद होने के बाद से अब तक 250 बच्चे शहीद हुए, लेकिन कभी भी महबूबा ने इस पर कुछ नहीं कहा।

अब्दुल माजिद लारमी ने कहा कि जम्मू कश्मीर की सीएम नागपुर (RSS मुख्यालय) से निर्देश मिलने पर ही काम करती हैं, लारमी ने कहा कि महबूबा अपनी कुर्सी बचाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने सदन में सार्वजनिक रूप से अपनी जिम्मेदारी कबूल की थी। लेकिन महबूबा ने कभी ऐसा साहस नहीं दिखाया।
आपको बता दें कि भारत सरकार के निर्देश पर सेना ने जम्मू कश्मीर में आतंक के सफाए के लिए ऑपरेशन ऑल आउट चला रखा है, जिसमें अब तक 200 से ज्यादा आतंकियों का खात्मा किया जा चुका है। सेना ने कश्मीर के भटके हुए नौजवानों के परिवार वालों से उनके बेटों के मुख्यधारा में वापस लौटने की अपील भी करवाई है, जिससे कि कई नौजवान वापस घर लौट आए है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारुक अब्दुल्ला ने कहा था कि पाकिस्तान कभी कोई साजिश नहीं करता है। फारुक अब्दुल्ला ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी खुद गए थे पाकिस्तान खाना खाने... तब किसी ने उनके खिलाफ साजिश की? जब उन्होंने खाना खाया.' इसके साथ ही पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि पाकिस्तान कोई साजिश नहीं करता है। ऐसा पहली बार नहीं है कि जेकेएनसी के विधायक ने बुरहान वानी को शहीद बताया हो, इससे पहले जनवरी 2017 में भी नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक विधायक ने बुरहान वानी को शहीद बताया था।












Click it and Unblock the Notifications