अमेरिका से 125 टन चिकित्सा एवं राहत सामग्री लेकर शनिवार रात दिल्ली पहुंचेगा नेशनल एयरलाइंस का जंबो जेट
नई दिल्ली, मई 1। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के खिलाफ भारत एक मुश्किल लड़ाई लड़ रहा है। इस जंग में दुनियाभर से मदद के हाथ भारत की ओर बढ़े हैं, जिसमें अमेरिका भी शामिल है। इसी कड़ी में अमेरिका की तरफ से चिकित्सा एवं राहत सामग्री की एक बहुत बड़ी खेप शनिवार रात 11 बजे तक भारत पहुंच रही है। दरअसल, भारत में कोरोना संकट के बीच पैदा हुए ऑक्सीजन संकट को देखते हुए अमेरिका ने मास्क, ऑक्सीजन सिलेंडर और टैंक के अलावा अन्य मेडिकल सप्लाई भारत भेजी है। दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी खेप के रूप में 125 टन का ये कंसाइनमेंट शनिवार रात 11 बजे अमेरिकी वाहक नेशनल एयरलाइंस के जंबो जेट के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा।

भारत को 100 मिलियन डॉलर की राहत सामग्री भेजेगा अमेरिका
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत में कोरोना महामारी को कम करने के लिए 100 मिलियन डॉलर से भी अधिक की सप्लाई हिंदुस्तान भेजेंगे। शनिवार रात को जो खेप दिल्ली पहुंच रही है, उसकी कीमत 2.5 लाख पाउंड होगी। नेशनल एयरलाइंस के चेयरमैन क्रिस्टोफर अल्फ ने कहा है कि कोरोना महामारी की शुरुआत से ही हम दुनियाभर में वैक्सीन समेत अन्य चिकित्सा राहत सामग्री की सप्लाई कर रहे हैं। भारत के लिए हमारा ये मिशन पूरी तरह नया है।
शुक्रवार को भी 400 ऑक्सीजन सिलेंडर्स भेजे थे अमेरिका ने
आपको बता दें कि शुक्रवार को भी अमेरिका की तरफ से एक विमान मदद लेकर दिल्ली पहुंचा था। इस विमान में 400 ऑक्सीजन सिलेंडर्स, करीब 10 लाख कोरोना टेस्ट किट और अन्य उपकरण शामिल थे। अमेरिकी दूतावास ने इस बारे में ट्वीट कर जानकारी दी थी। ट्वीट में लिखा था कि कोरोना राहत को लेकर पहला विमान भारत पहुंच गया है! बीते 70 सालों की दोस्ती में अमेरिका हमेशा भारत के साथ रहा है। कोरोना संकट में भी हम साथ हैं।












Click it and Unblock the Notifications