पीएम मोदी ने यूपी को दिया 60 हजार करोड़ का तोहफा, बोले- ब्याज के साथ लौटाया प्यार
लखनऊ। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को लखनऊ में 60 हजार करोड़ की 81 परियोजनाओं का शिलान्यस किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इतने व्यापक स्तर पर परियोजनाओं को पेपर से जमीन पर उतारने के लिए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और उनके अफसरों को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा, 'मैंने यूपी की 22 करोड़ जनता को कहा था कि उनके प्यार को ब्याज के साथ लौटाऊंगा. ये प्रोजेक्ट उसी कड़ी का हिस्सा हैं।'

यूपी में निवेश लाने पर सतीश महाना के प्रयासों को पीएम ने सराहा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के बड़े हिस्से में बारिश हो रही है। मौसम की मेहरबानी खेती, अर्थव्यवस्था के लिए उम्मीदों से भरी हुई है, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में लोगों को तकलीफ भी हो रही है। केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर ऐसे बाढ़ पीडि़त राज्यों में मदद पहुंचा रही है। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मंत्री सतीश महाना ने कहा, 'मैं लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहा हूं। औद्योगिक गतिविधि से जुड़े राज्य से आया हूं, 60 हजार करोड़ का निवेश लाना कम नहीं होता। आपको अंदाजा नहीं है कि आपने यह अकल्पनीय कार्य किया है।' पीएम मोदी ने आगे कहा, 'मैं जानता हूं पूंजी निवेश में कैसी-कैसी दिक्कत आती हैं। इन सारे संकटों को पार करते हुए पांच महीने के अंदर यह अवसर लाना और पूंजी निवेश का कार्य आरंभ करना, बड़ी सफलता है।'

सीएम योगी की तारीफ में प्रधानमंत्री ने पढ़े कसीदे
पीएम मोदी कहा कि यूपी में इतने बड़े पैमाने पर निवेश लाना नेतृत्व की सफलता है। इतने कम समय में पूरी टीम ने एक दिशा में काम किया। अलग-अलग सेक्टर के लिए नीतियां बनीं। यह उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी सिद्धि है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग इसे ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कह रहे हैं, लेकिन मैं इसे रिकॉर्ड ब्रेकिंग सेरेमनी कहना चाहता हूं। उन्होंने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने यहां निवेश के लिए अनुकूल महौल बनाया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह आयोजन उत्तर प्रदेश पर बढ़ते भरोसे, उत्साह और विकास का प्रतीक है। उम्मीद है कि जिस स्पीड से आप आगे बढ़ रहे हैं, उससे एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।

महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कसा विपक्ष पर तंज
पीएम मोदी महात्मा गांधी के बहाने उद्योगपतियों को लेकर उन पर सवाल खड़े कर रहे विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि जब नीयत साफ हो, इरादे नेक हों, तो परिणाम दिखता है। महात्मा गांधी का जीवन इतना पवित्र था, लेकिन उनको बिड़ला जी के साथ रहने में कभी दिक्कत नहीं हुई है, क्योंकि उनकी नीयत साफ थी. प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि हिन्दुस्तान को बनाने में बैंक, किसान, सरकार के मुलाजिम, मजदूर की मेहनत काम करती है। ठीक उसी प्रकार उद्योगपतियों की भी देश को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो प्रोजेक्ट्स आज शुरू हुए हैं, उनसे दो लाख से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिलने वाला है। यहां उद्योग लगेंगे और स्थानीय लोगों को भी अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

पीएम मोदी ने डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया अभियान का भी जिक्र किया। हम ऐसी व्यवस्था खड़ी करना चाहते हैं, जिसमें भेदभाव न हो, सबके साथ समान व्यवहार हो, सबका साथ सबका विकास हमारा संकल्प है और हम इसी पर चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में कॉमन सर्विस सेंटर और शहरों में फ्री वाई फाई, सस्ता मोबाइल इंटरनेट गरीब वर्ग के जीवन को सुगम बनाने का काम कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यूपी में 50 से अधिक मोबाइल फोन बनाने वाली फैक्ट्रियां काम कर रही हैं। आज जिन फैक्ट्रियों का शिलान्यास हुआ है, उनमें मोबाइल फैक्ट्रियां भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications