भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले मोदी, वाई-फाई ने गांव के युवाओं की बड़ी परेशानी हल कर दी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को शाम को मध्य प्रदेश, छ्त्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित किया। नमो एप के जरिए बीजेपी के बूथ कार्यकर्ताओं से जीत के लिए जुटने को कहा। इस दौरान मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि युवाओं तक इंटरनेट और वाई-फाई की पहुंच हो इसके लिए उनकी सरकार ने लगातार काम किया है।

मोदी ने कहा कि पहले गांवों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना मुश्किल काम था लेकिन आज इंटरनेट और ऑनलाइन स्टडी ने देहात के युवाओं की बड़ी परेशानी को खत्म किया है। मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा, मोबाइल का आविष्कार 2014 के बाद नहीं हुआ। 2014 के पहले भी मोबाइल थे, जिन लोगों ने इतने साल राज किया, उनके समय में सिर्फ दो मोबाइल फैक्ट्रियां थीं। आज ये लोग ओआरओपी की बातें कर रहे हैं। दशकों से अटके इस मामले पर तब ये कुछ नहीं बोले। हमने ओआरओपी लागू कर दिया, तो कह रहे हैं कि हम देंगे।
मोदी ने कहा, मनरेगा योजना तो पहले से चली आ रही है, लेकिन पहले काम तो अपने गांव में करते हैं और पैसे लेने के लिए आपको कई-कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, ऊपर से बिचौलिया भी कुछ पैसे मार लेता था। आज टेक्नोलॉजी की मदद से मजदूरी आसानी से मिल जाती है।
मोदी ने कहा कि हमारा तीन एजेंडा है। पहला विकास, दूसरा तेज गति से विकास और तीसरा सबके लिए विकास। पीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कारण ही विकास देश में चुनाव का एजेंडा बन गया है। मैं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का हमेशा से ही आग्रही रहा हूं। आपको जानकर खुशी होगी कि आज लाखों कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से करोड़ों भारतीयों का न सिर्फ जीवन आसान हुआ है, बल्कि उनका भविष्य भी संवर रहा हैं।












Click it and Unblock the Notifications