काशी में वोटिंग के दिन अचानक कहां गायब हो गए थे नरेंद्र मोदी, पढ़ें पूरी खबर

अजय राय दिखे, केजरीवाल दिखे पर मोदी के दर्शन नहीं हुए -
इस दौरान कांग्रेस के उम्मीदवार अजय राय भी दिखे और अरविंद केजरीवाल भी। लेकिन जो शख्स नहीं दिखा, उसे सबसे ज्यादा निगाहें तलाश रही थीं। भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी वोटिंग के रोज बनारस में नहीं दिखे।
यह भी पढ़ें- आ सकते हैं गडकरी के अच्छे दिन
लेकिन ऐसा क्यों हुआ? पहले कहा जा रहा था कि मोदी दोपहर में बनारस में रहेंगे, लेकिन हुआ नहीं। सियासत में यूं ही कुछ नहीं होता। अगर मोदी इस दिन बनारस से दूर रहे, तो इसके अहम सियासी कारण हैं। सोमवार को वाराणसी की हवा में दिन भर यह कयास तैरता रहा कि भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी वोटिंग के दिन अपने लोकसभा क्षेत्र में आएंगे या नहीं?
टीओआई के मुताबिक स्थानीय भाजपा नेताओं ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि मोदी की चुनाव प्रबंधन समिति को यह जानकारी थी कि वो दोपहर में 12 बजे से 2 बजे के बीच बनारस में मौजूद रहेंगे। लेकिन कोई भी पार्टी नेता पार्टी आला कमान और मोदी के मुख्य चुनाव प्रबंधकों के दबाव की वजह से योजना का खुलासा करने को तैयार नहीं था।
लेकिन बनारस में चुनाव शुरू होने के तीन घंटे बाद भाजपा को लगा कि मुस्लिम वोट दो अन्य उम्मीदवारों के बीच बंट रहे हैं। चुनाव प्रबंधकों की एक बैठक हुई और लखनऊ-दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया गया।
रणनीति काम कर रही थी मोदी-आगमन के पीछे -
पार्टी सूत्रों ने बताया कि सवेरे साढ़े दस बजे पार्टी आला कमान को यह रिपोर्ट भेज दी गई कि अगर मोदी बनारस पहुंचते हैं, तो मुस्लिम वोट का ध्रुवीकरण किसी एक उम्मीदवार के पक्ष में शुरू हो जाएगा। अगर ऐसा हुआ, तो भाजपा को नुकसान होगा, इसलिए मोदी का प्लान बदला गया। जाहिर है, यह फैसला सियासी रणनीति के तहत किया गया।
बाद में इस बात की पुष्टि कर दी गई कि नरेंद्र मोदी बनारस नहीं पहुंच रहे हैं। उन्होंने गांधीनगर में संवाददाताओं से बातचीत करने का फैसला किया और गर्मी के बावजूद वोट देने बाहर निकलने पर बनारसवासियों को बधाई दी।
भाजपा का कहना है कि दूसरे राजनीतिक दलों के कुछ पारंपरिक वोट भी उसकी तरफ आए हैं। उसे ऐसा भी लगता है कि बनारस में मोदी की मौजूदगी ने बराबर वाली सीटों पर असर डाला है। भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली के मुताबिक अगर मोदी पहुंचते, तो पार्टी कार्यकर्ताओं का ध्यान भटक जाता। उन्होंने कहा कि इस रोज मोदी का बनारस पहुंचना सिर्फ कयास था। हालांकि राजनैतिक गलियारों में यह खबर तप रही है, आखिर गायब हो क्यों हो गए थे मोदी।












Click it and Unblock the Notifications