Mumbai Weather: मुंबई का पारा मार्च में ही हुआ 40 पार, आने वाले दिनों में पानी की भी होने वाली है भारी किल्लत!
Mumbai Weather: मार्च की शुरुआत के साथ ही मुंबई और आसपास के इलाकों में गर्मी अपने प्रचंड रूप में आ गई है। सोमवार को मुंबई में तेज धूप और उमस भरा मौसम है और लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल है। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है। आईएमडी अलर्ट के बाद इसकी आशंका बढ़ गई है कि आने वाले दिनों में शहर के कुछ इलाकों में पानी की भारी कटौती हो सकती है। फिलहाल बीएमसी की ओर से कटौती का इलाकेवार अपडेट नहीं आया है, लेकिन इसकी आशंका जताई जा रही है।

Mumbai Weather: तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान
- मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवा का रुख बदलने की वजह से मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अनुमान है कि मुंबई में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
- ठाणे और नवी मुंबई में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। पिछले कुछ दिनों में भी गर्मी का असर साफ देखा गया है। 8 मार्च को कई इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति दर्ज की गई थी।
- ठाणे और नवी मुंबई में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि मुंबई में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
Mumbai IMD Alert: कुछ दिन पहले तापमान में गिरावट दर्ज
हालांकि कुछ दिनों पहले तापमान में थोड़ी गिरावट आई थी और अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन अब फिर से तापमान बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
Mumbai Heatwave: गर्म हवाओं का असर, अप्रैल में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान क्षेत्र में बने एंटी-साइक्लोन की वजह से पूर्व दिशा से गर्म हवाएं मुंबई की ओर बढ़ रही हैं। इसी कारण दिन और रात दोनों समय तापमान ज्यादा बना रह सकता है। अनुमान है कि कल्याण-डोंबिवली जैसे इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात के समय भी लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार रात का तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
डॉक्टरों का कहना है कि अचानक बढ़ती गर्मी से कई स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्थमा और सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीजों में परेशानी बढ़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा गले का संक्रमण और अपर रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन के मामले भी बढ़ सकते हैं। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि गर्मी के मौसम में सड़क किनारे मिलने वाला खाना जैसे पानीपुरी, भेलपुरी या अस्वच्छ खाद्य पदार्थ खाने से बचना चाहिए। इससे गैस्ट्रोएन्टराइटिस और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और साफ-सुथरा भोजन करने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications