सच में बंद होने वाली है लाड़ली बहना योजना? CM मोहन यादव के बयान के बाद मची हलचल, जानें पूरा सच
MP CM Ladli Behna Yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाएं इस योजना से जुड़ी हैं और हर महीने उनके बैंक खाते में 1,500 रुपये भेजे जाते हैं। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की एक टिप्पणी के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार के लिए इस योजना का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है और क्या आने वाले समय में इसे बंद किया जा सकता है?
मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान योजना पर होने वाले भारी खर्च का जिक्र किया था। हालांकि उन्होंने इसे बंद करने की कोई घोषणा नहीं की है। सरकार अब तक 40 किस्तें जारी कर चुकी है और महिलाओं को अगली यानी 41वीं किस्त का इंतजार है।

आखिर क्यों शुरू हुई योजना बंद होने की चर्चा?
पूरा मामला भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित 'बुंदेली समागम' से जुड़ा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव की बातचीत बुंदेली कंटेंट क्रिएटर बिन्नू रानी से हुई। बिन्नू रानी ने मुख्यमंत्री से पूछा कि सरकार अपनी 'जिज्जियों' यानी बहनों को आर्थिक मदद दे रही है, लेकिन 'बिन्नों' यानी बेटियों के लिए आगे क्या करने की योजना है?
ये भी पढ़ें: PM Kisan योजना के नाम पर ठगी! SMS में आए लिंक पर क्लिक करते ही महिला के खाते से उड़े डेढ़ लाख
इस सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में लाड़ली बहना योजना पर होने वाले खर्च का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले अंदाजा नहीं था कि यह योजना इतनी खर्चीली साबित होगी और मुख्यमंत्री बनने के बाद इतना बड़ा आर्थिक भार उठाना पड़ेगा। उनकी इस बात के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे।
क्या सच में लाड़ली बहना योजना बंद होगी?
मुख्यमंत्री के इसी बयान के बाद योजना के भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि यहां यह समझना जरूरी है कि मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को बंद करने की बात नहीं कही। राज्य सरकार की ओर से भी अभी तक ऐसा कोई आदेश या घोषणा नहीं की गई है, जिसमें महिलाओं को मिलने वाली 1,500 रुपये की मासिक सहायता रोकने की बात हो। इसलिए मुख्यमंत्री के खर्च से जुड़ी टिप्पणी को सीधे योजना के बंद होने से जोड़ना सही नहीं होगा।
हर महीने सरकार का कितना खर्च?
लाड़ली बहना योजना के तहत फिलहाल पात्र महिला को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं। करीब 1.25 करोड़ महिलाओं को इसका फायदा मिल रहा है। मौजूदा भुगतान के हिसाब से योजना पर सरकार को हर महीने करीब 1,835 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। सालभर में यह खर्च करीब 22,680 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
योजना की 40वीं किस्त 13 सितंबर को जारी की गई थी। इसमें पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT के जरिए 1,835 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम भेजी गई थी।
पहले मिलते थे 1,000 रुपये
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। योजना शुरू होने पर महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। बाद में इसकी रकम बढ़ाई गई और अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये मिल रहे हैं।
योजना शुरू होने के समय 1.31 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए थे। इसके बाद आवेदनों की जांच और आपत्तियों की समीक्षा हुई। अलग-अलग कारणों से 2.18 लाख से ज्यादा नामों की छंटनी भी की गई। वर्तमान में लाभार्थियों की संख्या करीब 1.25 करोड़ से अधिक है।
अब 41वीं किस्त पर नजर
लाड़ली बहना योजना की अब तक 40 किस्तें जारी हो चुकी हैं। ऐसे में महिलाओं को अब 41वीं किस्त का इंतजार है। योजना को लेकर पहले भी कई बार इसे बंद किए जाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। राज्य सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव की ओर से पहले ऐसी चर्चाओं को खारिज किया जा चुका है।
सरकार इस योजना को महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने से जोड़ती रही है। ऐसे में जब तक राज्य सरकार की तरफ से कोई नया आधिकारिक आदेश जारी नहीं होता, तब तक योजना बंद होने की खबरों को पक्की जानकारी नहीं माना जा सकता।
ये भी पढ़ें: क्या पति और पत्नी दोनों को मिल सकते हैं 2000-2000 रुपये? 24वीं किस्त से पहले जान लें PM किसान का नियम


Click it and Unblock the Notifications
