MP News: राहुल गांधी तथ्यों के साथ करें संवाद, मध्य प्रदेश के विकास की वास्तविक तस्वीर देखें: CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी की टिप्पणियों का जवाब देते हुए मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा, स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे, बिजली क्षमता, प्रति व्यक्ति आय और रोजगार में सुधारों की रूपरेखा बताई, जिसे सरकारी पहलों के अक्रॉस डेटा और तुलनाओं से समर्थित किया गया है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'झूठ की गूंज' बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास दिखाई दिया। उन्होंने राहुल गांधी से मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों पर आंकड़ों के साथ संवाद करने की अपील की।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया गया है। सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न योजनाओं और पहलों के माध्यम से ड्रॉपआउट दर को शून्य तक लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में स्कूल ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक अधिकांश समय कांग्रेस की सरकार रही और उस दौरान स्कूल शिक्षा का बजट करीब 2 हजार करोड़ रुपये था। वर्तमान में यह बजट बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विद्यार्थियों को गणवेश, आवागमन के लिए साइकिल, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मेडिकल कॉलेजों और सीटों में बढ़ोतरी का जिक्र
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक प्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज थे। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को एक और मेडिकल कॉलेज मिला।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल सीटों की संख्या करीब 680 से बढ़कर 7 हजार से अधिक हो गई है।
प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, वर्ष 2002-03 तक प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है।
उन्होंने बिजली उत्पादन क्षमता में वृद्धि का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक वर्ष 2002-03 तक मध्य प्रदेश में करीब 5 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता थी, जो अब लगभग 32 हजार मेगावाट हो गई है।
रोजगार और सरकारी भर्तियों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश रोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है, जिनमें लगभग 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर पुलिस सेवा से जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियां की जा रही हैं, जबकि 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने एक लाख से अधिक पदों पर प्रमोशन किए हैं और हर वर्ष एक लाख पदों के सृजन की दिशा में काम किया जा रहा है।
'तथ्यों और आंकड़ों के साथ करें संवाद'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश की जनता से संवाद करना चाहते हैं तो उन्हें प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, प्रति व्यक्ति आय और रोजगार समेत विभिन्न क्षेत्रों में मध्य प्रदेश ने प्रगति की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के बीच भ्रम के बजाय विकास और उपलब्धियों पर तथ्यपरक संवाद होना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
