Monsoon Updates: MP में झूमकर आया मानसून, राजस्थान-यूपी में भी जल्द बरसेंगे बादल, IMD ने बताई तारीख
Monsoon Latest Updates: देश भर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में पिछले दो दिन से प्री मानसून और विक्षोप के चलते बारिश से मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिन तेज हवाओं के साथ बारिश का यह दौर जारी रह सकता है। वहीं, मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। बिहार के बाद अब मानसून ने मध्य प्रदेश में भी दस्तक दे दी है।

आईएमडी भोपाल केंद्र की पूर्वानुमान प्रभारी दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि मानसून ने दक्षिणी मध्यप्रदेश के पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी व अनूपपुर जिलों से प्रवेश किया है। अगले 7 दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। इसके साथ ही झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
इधर, उत्तरी राज्य दिल्ली, यूपी व राजस्थान के लोग भी मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में भी मानसून जल्द ही दस्तक देगा।
देश में कहां तक पहुंचा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ भागों में पहुंचकर आगे बढ़ गया है। इसके साथ ही गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों और झारखंड के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है। 20 जून को मानसून ने पूर्णिया व किशनगंज के रास्ते बिहार में प्रवेश किया था। वहीं, 21 जून को बालाघाट जिले से मानसून मध्य प्रदेश में प्रवेश कर गया है।
किस तरफ बढ़ रहा मानसून?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि प्री मानसून की गतिविधियां उत्तरी राज्यों में शुरू हो चुकी हैं। अगले तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, महाराष्ट्र के बचे हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर के कुछ हिस्सों को कवर कर लेगा।
दिल्ली, यूपी व राजस्थान में कब आएगा मानसून?
दिल्ली में मानसून सामान्यतः 30 जून के आस पास प्रवेश करता है। हालांकि, कई बार मानसून को लेकर लंबा इंतजार करना पड़ा है। इस बार मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में 27 जून के आस पास मानसून दस्तक दे सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मानसून आने में समय लग सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जून तक मानसून बिहार से सटी यूपी की सीमा पर एंट्री कर जाएगा। इसके बाद 27 जून के बाद पूरे राज्य को कवर करेगा। राजस्थान में 25 जून तक प्री मानसून का दौर जारी रहेगा। 27 जून के बाद राजस्थान में मानसून की एंट्री होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications