Monsoon Update 2023 : प्रचंड गर्मी के बीच मौसम विभाग ने मानसून को लेकर दिया बड़ा अपडेट, जानिए क्या कहा?
Monsoon News: मानसून के आने से पहले प्रीमानसून गतिविधियां शुरू हो जाती हैं, इसी के तहत केरल में अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Monsoon Weather Update: भयंकर गर्मी से जूझ रहे लोगों को अब बस झमाझम बारिश यानी कि मानसून का इंतजार है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक अगले 24 घंटों में मानसून के अंडमान-निकोबार द्वीप, दक्षिण अंडमान सागर और बंगाल की दक्षिण खाड़ी में दस्तक दे सकता है। जिसकी वजह से अंडमान और केरल में अगले पांच दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तीन दिन लेट से पहुंच रहा अंडमान में मानसून
मालूम हो कि अंडमान में मानसून तीन दिन देरी से पहुंच रहा है। आमतौर पर मानसून अंडमान में 16-17 मई के आस-पास पहुंचता है लेकिन इस बार वो यहां तीन दिन लेट से पहुंच रहा है और इसी कारण केरल में भी ये लेट से ही पहुंचेगा वहां ये एक जून के बजाय 4 जून को पहुंचेगा।
केरल भी लेट पहुंचेगी मानसून एक्सप्रेस
खास बात ये है कि देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत केरल से होती है और उसके बाद ये तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी, कोंकण, कर्नाटक, मुंबई, गुजरात और इसके बाद पश्चिमी और उत्तरीय क्षेत्रों में पहुंचता है। मौसम विभाग का कहना है कि भले ही मानसून लेट हो रहा है लेकिन ये सामान्य ही रहेगा और इसमें औसत से ज्यादा बारिश के ही आसार नजर आ रहे हैं। अभी तक अनुमान के मुताबिक इस बार अलनीनो इफ्केट भी मानसून पर रहेगा लेकिन उसका असर मानसून के अंतिम पड़ाव पर होगा गौरतलब है कि इस इफेक्ट की वजह से बारिश कम होती है।
96 प्रतिशत बारिश का अनुमान
आईएमडी के मुताबिक इस बार 96 प्रतिशत बारिश हो सकती है, जो कि नार्मल बारिश है जबकि नार्मल से ज्यादा की बारिश की उम्मीद 67 प्रतिशत है। फिलहाल अभी ये मानसून का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग मई के अंतिम दिनों में भी मानसून को लेकर अपडेट जारी करेगा।
आज यहां होगी बारिश: IMD
फिलहाल मानसून के पूर्वानुमान के बीच मौसम विभाग ने आज का अपडेट जारी किया है, जिसके मुताबिक आज ओडिशा, पश्चिम बंगाल, यूपी-बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र , कर्नाटक, तेलंगाना में हीटवेव चलने का अनुमान है तो वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर के राज्यों में रुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है और इसलिए अलर्ट भी जारी किया गया है।
बिजली भी कड़क सकती है
मौसम विभाग का कहना है कि यहां बारिश के साथ -साथ बिजली भी कड़क सकती है और तेज हवाएं भी चल सकती है। फिलहाल सभी को मौसम के प्रति सावधान और सेहत के प्रति सचेत होने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications