स्विस बैंक में जमा सारा पैसा कालाधन नहीं, जेटली ने कांग्रेस पर किया पलटवार
नई दिल्ली। स्विस बैंक में भारतीयों के जमा पूंजी में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की रिपोर्ट सामने आने के बाद से मोदी सरकार चौतरफा घिर गई है। कांग्रेस जिस मौके की तलाश में थी वो उसे मिल गया है। स्विस बैंक की रिपोर्ट को हथियार बनाकर कांग्रेस सरकार पर हमले कर रही है। कांग्रेस के इस हमले का जवाब अरुण जेटली ने दिया है। जेटली ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि स्विस बैंक की रिपोर्ट के आधार पर सरकार पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को बेसिक फैक्ट्स की जांच कर लेनी चाहिए।

स्विस बैंक की रिपोर्ट पर कांग्रेस पर पलटवार
फेसबुक पोस्ट के जरिए जेटली ने कहा कि स्विस बैंक में जमा भारतीयों के सारे पैसे ब्लैकमनी नहीं है। उन्होंने कहा कि ये मानना कि भारतीयों ने कर चोरी के लिए स्विस बैंक में रकम जमा किया है तो ये पुरानी बात हो गई। उन्होंने कांग्रेस पर इस रिपोर्ट को गलत तरीके से पेश करने और बढ़ा-चढ़कर दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोप फैक्ट्स से परे हैं।
जेटली के फेसबुक पोस्ट के मुताबिक स्विस बैंक में जमा भारतीयों की अधिकांश रकम ऐसे भारतीयों के हैं, जो विदेशों में रहते हैं और ये कालाधन नहीं हैं। उन्होंने उन रिपोर्ट्स को भी गलत बताया, जिसमें कहा जा रहा है कि ब्लैकमनी के खिलाफ मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदम फेल हो गए।
अगले साल मिलेगी जानकारी
जेटली ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि स्विट्जरलैंड स्विस बैंकों में रखे पैसे की डिटेल अगले साल जनवरी में मिल जाएगी। उन्होंने लिखा कि स्विट्जरलैंड और भारत सरकार के बीच इसे लेकर पहले ही समझौता हो चुका है। जनवरी, 2019 से भारत को भी स्विस बैंक में जमा भारतीयों की रकम की जानकारी मिलने लग जाएगी।
उन्होंने लिखा है कि स्विस बैंकों में काला धन रखने वालों के खिलाफ मोदी सरकार सख्त एक्शन लेगी। उन्होंने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये बात पुरानी हो गई कि लोग टैक्स चोरी के लिए और कालाधन छुपाने के लिए स्विस बैंकों में पैसा रखते थे। उन्होंने लिखा है कि अगर कोई व्यक्ति अवैध तरीके से यहां धन छुपाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ये भी साफ किया कि अब स्विट्जरलैंड टैक्स चोरी के लिए बेहतर जगह नहीं रह गई है।












Click it and Unblock the Notifications