नई मुसीबत में AAP, संजय सिंह के पीए पर यौन शोषण का केस दर्ज
पुलिस ने छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के निजी सहायक पर छेड़खानी का मामला दर्ज हुआ है। एक महिला ने संजय सिंह के सहायक अजीत सिंह त्यागी और एक अन्य आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए दिल्ली के तिलक नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने छेड़खानी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान हुई थी छेड़खानी
थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक महिला पिछले महीने तिलक नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करना चाहती थी। उसने संजय सिंह पर हमले की कोशिश की थी। इसी दौरान संजय सिंह के निजी सहायक अजीत सिंह और एक अन्य कार्यकर्ता ने उसके साथ छेड़खानी की। जिसके बाद महिला अपने पति के साथ थाने गई और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

संजय सिंह को मारा था थप्पड़
दो अप्रैल को तिलक नगर में चौखंडी चौक के समीप एक रैली के दौरान महिला ने संजय सिंह को कथित तौर पर थप्पड़ मारा था। हालांकि जब पुलिस वहां पहुंची थी तो कोई नहीं मिला था। महिला कार्यकर्ता ने दावा किया कि उसे पार्टी में एमसीडी चुनाव के टिकट वितरण में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने नहीं दिया गया।

अमानतुल्ला खान पर भी लगे हैं आरोप
बीते 2 अप्रैल को जानकारी मिली थी कि किसी ने संजय सिंह पर एक कार्यक्रम के दौरान हमला किया है। हालांकि इस मामले में संजय सिंह ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।इससे पहले भी आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह के खिलाफ उनके साले की पत्नी ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था। यह मामला बीते साल सितंबर महीने का है। महिला ने कहा था कि विधायक ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। उनके खिलाफ जामिया नगर थाने में रिपेार्ट दर्ज की गई थी।

AAP नेताओं पर लगे हैं रेप के आरोप
पिछले साल नवंबर में आम आदमी पार्टी के दो नेताओं पर रेप के आरोप लग चुके हैं। आप विधायक राखी बिड़लान के पिता और एक अन्य नेता पर टिकट दिलाने का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगा था। आरोप लगाने वाली महिला ने शिकायत में भूपेंद्र बिड़लान और रामप्रताप गोयल का नाम लिया था। महिला ने रोहिणी इलाके में रेप होने की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications