SPG के घेरे में रहेंगी मोदी की मां और पत्नी जसोदाबेन

मुख्यमंत्री के बाद प्रधानमंत्री बनने जा रहे नरेंद्र मोदी अब हमेशा विशेष सुरक्षा के घेरे में रहेंगे। मोदी के साथ-साथ मोदी के करीबियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी की होगी। उनकी मां हीराबेन और पत्नी जशोदाबेन की सुरक्षा के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में 26 मई को नरेंद्र मोदी के शपथ लेने के बाद उनकी मां और उनकी पत्नी को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की सुरक्षा मुहैया करा दी जाएगी।
एक अधिकारी ने अपनी पहचान को गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि "मोदी की मां हीराबेन और पत्नी जशोदाबेन को भी एसपीजी की सुरक्षा मुहैया होगी। लेकिन उनके तीन भाइयों और दो बहनों को राज्य सरकार द्वारा जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी।"इस बार के आम चुनाव से पहले तक सरकारी रिकार्ड में शादी का कॉलम छोड़ने वाले नरेंद्र मोदी की 'परित्यक्त' पत्नी भी एसपीजी की सुरक्षा में रहेंगी।
मोदी की पत्नी और मां के साथ ही साथ उनके भाई और बहनें गुजरात में रहती हैं।
मोदी अपनी पत्नी से अलग रहते हैं। सूत्रों ने कहा कि मां और पत्नी की सुरक्षा के लिए जरूरत का आकलने करने के लिए एसपीजी के कमांडो गुजरात भेजे जा चुके हैं। एसपीजी एक्ट के मुताबिक भारत के प्रधानमंत्री और उनके परिवार के सन्निकट सदस्यों को वीआईपी सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित उन्नत कमांडो की सुरक्षा मुहैया कराई जाती है।












Click it and Unblock the Notifications