रायबरेली में बोले पीएम मोदी- रक्षा सौदों में क्वात्रोची मामा-मिशेल अंकल नहीं, इसलिए भड़की कांग्रेस
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को मिशन यूपी पर हैं। पीएम मोदी इस दौरान यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली और कुंभ से पहले प्रयागराज में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पीएम के इस दौरे को 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है। रायबरेली में विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा सौदों के मामले में कांग्रेस का इतिहास बोफोर्स घोटाले वाले क्वात्राकी मामा का रहा है।

हेलीकॉप्टर घोटाले के आरोपी क्रिश्चियन मिशेल को पकड़कर कुछ दिन पहले ही भारत लाया गया है। सभी ने ये देखा है कि कैसे इस आरोपी के बचाने के लिए कांग्रेस ने अपना वकील अदालत में भेज दिया। पीएम ने कहा कि क्या कांग्रेस इसलिए भड़की है कि केंद्र सरकार जो रक्षा सौदे कर रही है उसमें कोई क्वात्रोची मामा या क्रिस्चन मिशेल अंकल नहीं है। उन्होंने कहा कि देश देख रहा है कि कांग्रेस और हमारे विरोधी उन ताकतों के साथ खड़े हैं जो हमारी सेना को मजबूत नहीं होने देना चाहते हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रामचरित मानस की एक चौपाई के जरिये कांग्रेस पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, 'रामचरित मानस में एक चौपाई है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने लिखा है कि भगवान राम किसी का व्यक्तित्व समझाते हुए कहते हैं- 'झूठई लेना, झूठई देना, झूठई भोजन, झूठ चबेना'। यानी कुछ लोग झूठ ही स्वीकार करते हैं, झूठ ही दूसरो को देते हैं, झूठ का ही भोजन करते हैं और झूठ ही चबाते हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'ऐसे लोगों के लिए देश का रक्षा मंत्रालय भी झूठा है, देश की रक्षा मंत्री भी झूठी हैं, भारतीय वायुसेना के अफसर भी झूठे हैं, फ्रांस की सरकार भी झूठी है, अब तो उन्हें देश की सर्वोच्च अदालत भी झूठी लगने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications