मानसून सत्र: सदन में चर्चा के लिए 15 अहम विधेयकों को रख सकती है केंद्र सरकार
नई दिल्ली, 16 जुलाई: आगामी 19 तारीख से संसद का मानसून सत्र शुरू हो जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार 15 विधेयकों को सदन में चर्चा के लिए ला सकती है। जिसमें डीएनए प्रौद्योगिकी विधेयक, माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और कल्याण बिल, न्यायाधिकरण सुधार विधेयक और फैक्टरिंग विनियमन संशोधन विधेयक आदि शामिल हैं। इसके बाद 13 अगस्त को सत्र का समापन होगा। हालांकि सदन की कार्यवाही पूरी तरह से कोरोना की स्थिति पर ही निर्भर करेगी।

वहीं दूसरी ओर मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले 18 जुलाई को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। ये बैठक 11 बजे से शुरू होगी। इसके खत्म होने के बाद 3 बजे से एनडीए के सभी दल आपस में बैठक करेंगे। साथ ही विपक्ष को जवाब देने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। उम्मीद जताई जा रही कि पीएम मोदी भी इस बैठक में शामिल रहेंगे। इस बार सदन की कार्यवाही काफी ज्यादा हंगामेदार रहने के आसार हैं, क्योंकि विपक्षी दल कोरोना, महंगाई, बेरोजगारी, किसान आंदोलन समेत कई मुद्दों को उठाएंगे।
वैक्सीन नहीं लेने वाले सांसदों की जांच
दोनों सदनों की बैठक सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी। पिछले साल संसद का मानसून सत्र कोरोना के चलते सितंबर में हुआ था, लेकिन इस बार वक्त से जुलाई में ही हो रहा है। हालांकि ज्यादातर नियम को पहले जैसा ही रखा गया है, जिसके तहत सभी सांसद कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करेंगे। वहीं जिन सांसदों को वैक्सीन नहीं लगी है, उनका पहले RT-PCR टेस्ट किया जाएगा। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के मुताबिक 323 सांसदों को पहले ही कोरोना की दोनों डोज लग चुकी हैं, जबकि 23 सांसद कुछ मेडिकल वजहों से कोरोना की एक भी डोज नहीं ले सके हैं।












Click it and Unblock the Notifications