मोदी सरकार ने हजारों करोड़ की परियोजनाओं से बना दिया नया जम्मू-कश्मीर, रेल के विकास से बदली तस्वीर
यह नया जम्मू-कश्मीर है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद से इस केंद्रशासित प्रदेश में हर दिन नई शुरुआत हो रही है। हर दिन कामयाबी लेकर जम्मू-कश्मीर में एक नई सुबह आ रही है। क्या आप जानते हैं नए भारत के नए जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा पुल बनाया गया है। इसकी ऊंचाई इतनी है कि इसके सामने पेरिस का एफिल टावर भी फेल है।
जम्मू-कश्मीर में बीते 10 वर्षों में काफी कुछ बदल गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और रोजगार के मामले में जम्मू-कश्मीर एक नया माइलस्टोन सेट कर चुका है। बिजली उत्पादन, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और पर्यटन के क्षेत्र में भी जम्मू-कश्मीर में हर दिन नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

केंद्र सरकार के सशक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ जम्मू-कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने के लिए उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक का काम जोर-शोर से चल रहा है। बीते 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने यहां हज़ारों करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत की है।
बात रेलवे सेक्टर की करें तो भारतीय रेल द्वारा जम्मू-कश्मीर को करीब 16 हजार 300 करोड़ रुपयों की परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। जिसमें 15 हजार 800 करोड़ की लागत से निर्मित 48 किलोमीटर लंबी बनिहाल-खारी-सुंबर-संगलदान रेललाइन प्रधानमंत्री मोदी की ओर से राष्ट्र को समर्पित की गई है। इसके अलावा मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को वंदे भारत ट्रेन की भी सौगात दी है। नई दिल्ली से कटरा के बीच ये ट्रेन चल रही है। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की पहचान वंदे भारत से जहां यात्रियों का समय बच रहा है तो, वहीं माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं के लिए भी ये ट्रेन वरदान साबित हो रही है।
केंद्र सरकार की ओर से देश के रेलवे स्टेशनों की सूरत बदलने के शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जम्मू-कश्मीर के सबसे बड़े रेलवे स्टेशन जम्मूतवी और बडगाम की तस्वीर बदली है। अब रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं। कटरा रेलवे स्टेशन का भी इस योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर में शुरू हुई विकास की ये यात्रा यहीं नहीं रुकी। विज्ञान के एक अनोखे अजूबे के रूप में मौजूद जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी पर बना दुनिया का हाईएस्ट रेलवे ब्रिज, चिनाब रेलवे ब्रिज, विकास की नई परिभाषा गढ़ रहा है। 20 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित किया है। 1315 मीटर लंबा, नदी के तल से 359 मीटर ऊंचाई पर बना और 467 मीटर आर्क से सजा ये पुल एफिल टावर और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी इमारतों से भी ऊंचा है। इसके निर्माण से पाकिस्तान की नींद उड़ी हुई है। पाकिस्तान सीमा से इसकी एरियल डिस्टेंस सिर्फ 65 किलोमीटर है। इस पुल के बनने से जहां आम आवाजाही आसान होगी, वहीं भारतीय सेना को भी आसानी से आने-जाने का रास्ता मिल जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और संकल्प शक्ति के कारण जम्मू-कश्मीर को कई विकास परियोजनाओं का तोहफा मिला है। ये परियोजनाएं जम्मू-कश्मीर के लिए समृद्धि के नए द्वार खोल रही है। पर्यटन के साथ ही सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभा रही है। जिसका सीधा-सीधा फायदा जम्मू-कश्मीर के युवाओं को रोजगार के रूप में मिल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले के प्राचीर से जो जम्मू-कश्मीर की तस्वीर बदलने की प्रतिज्ञा ली थी वो अब इस पावन धरती पर आकार लेने लगी है। विकसित भारत के साथ-साथ जम्मू कश्मीर भी विकसित हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications