Viral Video: लड़की का मोबाइल छीनकर भागा चोर, पकड़ा तो निकला उसी का ब्वॉयफ्रेंड!
एक चोर एक लड़की का मोबाइल छीनकर भागता है, लेकिन आखिर में जब सच्चाई खुलती है तो लड़की के भी होश उड़ जाते हैं।
नई दिल्ली, 28 अगस्त: बड़े शहरों में मोबाइल स्नैचिंग यानी झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आप अपने मोबाइल पर बात करते हुए कहीं जा रहे हैं कि तभी पीछे से बाइक पर कोई शख्स आता है और अचानक आपका मोबाइल छीनकर फरार हो जाता है। पुलिस ऐसी वारदातों को रोकने और मोबाइल स्नैचर्स पर लगाम कसने के लिए जी-जान से जुटी रहती है, लेकिन फिर भी ऐसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें एक चोर एक लड़की का मोबाइल छीनकर भागता है, लेकिन आखिर में जब सच्चाई खुलती है तो लड़की के भी होश उड़ जाते हैं।

आखिर क्या है पूरा मामला
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 'hyderabad_merejaan' नाम के हैंडल से शेयर किया गया है और वीडियो के कैप्शन में लिखा है- 'इसका अंत ऐसा है कि सोचा भी नहीं होगा।' इस वीडियो में नजर आ रहा है कि एक लड़की अपने मोबाइल पर किसी से बात करते हुए सड़क पर जा रही है। तभी, पीछे से बाइक पर एक चोर आता है, वो पहले तो उस लड़की का मोबाइल छीनता है और इसके बाद उसके चेहरे पर घूंसा मारकर उसे गिरा देता है।

दो लड़कों ने स्कूटी से पीछा कर पकड़ा
इसके बाद लड़की चिल्लाती है और मदद के लिए आसपास के लोगों को बुलाती है। पीड़ित लड़की की गुहार सुनकर दो लड़के स्कूटी पर चोर का पीछा करते हैं और थोड़ी देर की मशक्कत के बाद चोर को पकड़ लेते हैं। अब आपको लग रहा होगा कि ये तो अच्छा हुआ, आखिरकार चोर पकड़ा गया, लेकिन...जरा रुकिए, कहानी में असली ट्विस्ट इसके बाद है।

'क्या आप इस चोर को जानती हैं'
जब स्कूटी पर सवार दोनों लड़के उस चोर को पकड़कर लड़की के पास लाते हैं तो लड़की हैरान रह जाती है। दरअसल ये चोर और कोई नहीं, बल्कि उसका ब्वॉयफ्रेंड निकलता है। लड़की को हैरान परेशान देखकर मदद करने वाले दोनों लड़कों में से एक पूछता है कि क्या आप इस चोर को जानती हैं। इसपर वो लड़की झेंपते हुए बताती है कि ये चोर उसका ब्वॉयफ्रेंड है। ये सुनकर मदद करने वाला वो शख्स भी चौंक जाता है और उसका वक्त बर्बाद करने के लिए उसे एक थप्पड़ मारता है।
'दीदी का ब्वॉयफ्रेंड चोर है'
हालांकि, आपको बता दें कि ये वीडियो स्क्रिप्टेड है और इंस्टाग्राम पर वायरल हुए इस वीडियो को अभी तक 5.5 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं। इस वीडियो पर लोगों के मजेदार कमेंट भी आ रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'दीदी का ब्वॉयफ्रेंड चोर है...'। एक और यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'अरे वो चुराकर वापस ले आता, इंप्रेस करना था उसे...। एक तीसरे यूजर ने वीडियो पर कमेंट किया, 'बिना ब्रेकअप किए अपनी गर्लफ्रेंड का फोन कैसे चेक करें? बस फोन चोरी करें और चेक कर लें।'












Click it and Unblock the Notifications