BRS की बड़ी योजना, तेलंगाना में गांधी परिवार के सामने लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं MLC कविता
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में हार के बाद बीआरएस अब लोकसभा चुनावों में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने लीक से हटकर विचारों पर काम करने की योजना बनाई है।
दरअसल चर्चा है कि कांग्रेस प्रियंका गांधी या पार्टी संसदीय बोर्ड की अध्यक्ष सोनिया गांधी को तेलंगाना से चुनाव लड़ाने की कोशिश में है। ऐसे में सूत्रों का कहना है कि बीआरएस भी पार्टी की एमएलसी के कविता को प्रियंका गांधी के सामने चुनाव लड़ा सकती है।

बीआरएस नेताओं का मानना है कि अगर गांधी परिवार का कोई सदस्य तेलंगाना से चुनाव लड़ता है, तो फिर लोकसभा चुनाव में मुकाबला कांग्रेस बनाम भाजपा हो सकता है। ऐसी स्थिति में बीआरएस अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रही है। इनमें पहला विकल्प है एमएलसी कविता को प्रियंका गांधी या सोनिया गांधी (कांग्रेस जिसे भी टिकट देती है) के सामने चुनाव लड़ाना।
दरअसल बताया जा रहा है कि कांग्रेस प्रियंका गांधी को मेडक या मल्काजगिरी से चुनाव मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1980 में मेडक से चुनाव लड़कर जीता था। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि अगर प्रियंका गांधी मेडक से चुनाव लड़ती हैं तो पार्टी को बाकी सीटों पर भी लोकसभा चुनाव में फायदा मिलेगा।
हालांकि, बीआरएस से जुड़े सूत्रों का ये भी मानना है कि मेडक लोकसभा सीट को जीतना कांग्रेस के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि इस क्षेत्र में बीआरएस की स्थिति मजबूत है। वर्तमान में भी यह सीट बीआरएस के पास है। वहीं, बात अगर मल्काजगिरी सीट की करें तो मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने 2019 में बेहद कड़े मुकाबले में बीआरएस को हराकर यहां जीत हासिल की थी।
के कविता ने आखिरी बार 2014 में निजामाबाद से सांसद के तौर पर जीत हासिल की थी। फिलहाल वह विधान परिषद की सदस्य हैं। इसके साथ ही बीआरएस पार्टी संगठन में भी बदलाव करना चाहती है। सूत्रों ने कहा कि अन्य बड़े नेताओं को भी लोकसभा चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा जा सकता है। वहीं, पूर्व वित्त मंत्री हरीश राव को भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications