Mizoram election: मिजोरम में बीजेपी के लिए अच्छी खबर क्यों दे रही है कांग्रेस?
कांग्रेस ने मिजोरम चुनावों के लिए जिस तरह के दावे किए हैं, उसमें बीजेपी को उम्मीद की किरण नजर आ सकती है। वैसे तो मणिपुर की घटनाओं की वजह से सत्ताधारी एमनएफ (MNF) और विपक्षी जेडपीएम (ZPM) दोनों भाजपा को निशाना बना रही हैं, लेकिन कांग्रेस ने इन दोनों के लिए अलग ही दावा किया है।
कांग्रेस की ओर से गुरुवार को दावा किया गया है कि मिजोरम में सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट की निश्चित हार को भांपते हुए बीजेपी ने जोराम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी हैं। कांग्रेस के दावे के मुताबिक बीजेपी को लग रहा है कि ऐसा करके नई सरकार में वह उपमुख्यमंत्री का पद सुरक्षित कर सकती है।

जेडपीएम और बीजेपी के बीच एक 'गुप्त समझौता'- कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रमुख लालरेमरुता रेंथलेई ने एक प्रेस कांफ्रेंस में दावा किया है कि जेडपीएम और बीजेपी के बीच एक 'गुप्त समझौता' हुआ है और जेडपीएम के नेता लालदुहोमा की हालिया गुवाहाटी दौरा इसी का प्रमाण है।
MNF-ZPM दोनों बीजेपी की करीबी बनने की होड़ में- कांग्रेस
उन्होंने कहा, 'जिन राज्यों में बीजेपी के अकेले जीतने की संभावनाएं कम हैं, वहां क्षेत्रीय दलों के साथ तालमेल करने की बीजेपी की रणनीति नई नहीं है। इस समय जेडपीएम और एमएनएफ दोनों ही बीजेपी के करीबी सहयोगी बनने की होड़ में हैं.....'
जेडपीएम के लिए एमएनएफ की जगह लेने का रास्ता साफ- कांग्रेस
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी धीरे-धीरे खुद को सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट से दूर कर रही है और मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवेमेंट के साथ 'गुप्त समझौते' के तहत करीब आ रही है। उनके मुताबिक, 'बीजेपी की लंबे समय से सहयोगी रही एमएनएफ को अब इन चुनावों में संभावित विजेता के रूप में नहीं देखा जा रहा है, जिससे जेडपीएम के लिए उसकी जगह लेने का रास्ता साफ हो गया है।'
बीजेपी को डिप्टी सीएम पद मिलने का भरोसा- मिजोरम में कांग्रेस के मीडिया सेल प्रमुख
उनका कहना है कि 'जेडपीएम नेता लालडुहोमा का हाल में लगातार गुवाहाटी जाने से उनके भाजपा के साथ गुप्त बैठकों में शामिल होने का संदेह है। सहयोगी दल के तौर पर ऐसा लगता है कि बीजेपी को उन पर विश्वास है....' उन्होंने यहां तक दावा किया है कि बीजेपी को उनके साथ गठबंधन को लेकर भरोसा है और उसे उम्मीद है कि इससे उसके लिए डिप्टी सीएम का पद सुरक्षित हो जाएगा।
कांग्रेस नेता ने यह दावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वनुपा जाथांग के उस बयान के बाद किया है, जिसमें उन्होंने बताया था कि अगर खंडित जनादेश आता है तो उनकी पार्टी या तो एमएनएफ के साथ या जेडपीएम के साथ गठबंधन करने को तैयार है, जिनके पास भी ज्यादा सीटें रहेंगी। एमएनएफ केंद्र में एनडीए का हिस्सा है, लेकिन राज्य में बीजेपी विपक्ष में है।
इन्हीं दावों के आधार पर कांग्रेस ने मिजोरम के लोगों से गुजारिश की है कि वे एमएनएफ या जेडपीएम में से किसी को भी वोट ना दें। इसने बीजेपी को राज्य के लिए खतरा बताया है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications