Mini Pakistan: केरल की पाकिस्तान से तुलना! नितेश राणे ने विवाद पर क्या सफाई दी कि नहीं थम रहा विरोध?
Mini Pakistan controversy: कांग्रेस ने महाराष्ट्र के बीजेपी मंत्री नितेश राणे के 'मिनी पाकिस्तान' वाले बयान पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव और राहुल गांधी के दाहिने हाथ केसी वेणुगोपाल ने तो इस बहाने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने की कोशिश की है। इस बीच अपने विवादित बयान पर राणे ने सफाई भी दी है, लेकिन विपक्ष शांत नहीं हो रहा।
एक्स पर एक पोस्ट में वेणुगोपाल में आरोप लगाया है कि 'मिनी पाकिस्तान जैसे शब्दों के इस्तेमाल से पता चलता है कि केरल के लोगों के खिलाफ उनकी गहरी दुश्मनी है।'

Mini Pakistan: पीएम मोदी को राणे के बयान को लेकर कोई शर्म है तो उन्हें उनको तुरंत बर्खास्त करना चाहिए-कांग्रेस नेता
उन्होंने अपने पोस्ट में सीधे पीएम मोदी से मुद्दे को जोड़ने की कोशिश करते हुए लिखा है, 'अगर पीएम मोदी को राणे के बयान को लेकर कोई शर्म है तो उन्हें उनको तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। इसी वजह से केरल के लोगों ने बीजेपी को खारिज कर दिया है और कभी स्वीकार नहीं करेंगे, वे इसके सामंजस्यपूर्ण जीवन की सुंदरता को नहीं समझते।' 'सदियों से केरल सभी धर्मों और संप्रदायों के बीच सांप्रदायिक सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक रहा है।'
Mini Pakistan: केरल के मुख्यमंत्री ने राणे के बयान को बताया दुर्भावनापूर्ण और अत्यंत निंदनीय
उधर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी नितेश राणे के 'मिनी पाकिस्तान' वाले बयान की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने राणे की टिप्पणी को 'अत्यंत दुर्भावनापूर्ण'और 'अत्यंत निंदनीय'बताते हुए कहा है कि यह केरल के खिलाफ घृणा जाहिर करता है।
उन्होंने एक्स पोस्ट पर आगे लिखा है, 'इस तरह की बयानबाजी धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सद्भाव के गढ़ रहे केरल के विरोध में संघ परिवार की ओर से चलाए जा रहे घृणा के अभियान को जाहिर करती है। हम केरल पर किए गए इस नफरती हमले की कड़ी निंदा करते हैं और सभी लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ताकतों से संघ परिवार के घृणित दुष्प्रचार के विरोध में एकजुट होने का आह्वान करते हैं।'
Mini Pakistan: मैं केरल की स्थिति की तुलना पाकिस्तान से कर रहा था- नितेश राणे
इस बीच राणे ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा है कि उनका मतलब यह कतई नहीं था कि केरल भारत से बाहर है। उनका कहना है कि 'मैं तो सिर्फ तथ्य बता रहा था।'
उन्होंने कहा, 'केरल पूरी तरह से भारत का हिस्सा है। हालांकि, हिंदुओं की घटती जनसंख्या सभी के लिए चिंता की बात होनी चाहिए। हिंदुओं का मुसलमान और ईसाई (इस्लाम और ईसाई) में धर्मांतरण वहां रोजाना की घटना बन गई है'
उन्होंने आगे कहा, 'लव जिहाद के मामले में जिसमें हिंदू महिलाओं को टारगेट किया जाता है, वह भी वहां बढ़ रहा है। मैं केरल की स्थिति की तुलना पाकिस्तान से कर रहा था। पाकिस्तान में जिस तरह से हिंदुओं के साथ बर्ताव होता है,अगर वही स्थिति हमारे अपने देश में हो जाए, तो हमें निश्चित तौर पर उसपर कार्रवाई करनी होगी। अपने भाषण में मैं यही कहने की कोशिश कर रहा था।'
अपनी सफाई में नितेश राणे ने आगे कहा, 'संपूर्ण परिस्थितियों की तुलना की जा सकती है। मैं सिर्फ तथ्य बता रहा था। मेरे साथ एक सज्जन थे, जिन्होंने 12,000 हिंदू महिलाओं को इस्लाम और ईसाई धर्म में धर्मांतरण से रोककर उनकी सहायता की है। मैंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बारे में जो कहा,वायनाड संसदीय क्षेत्र में आप किसी से भी पूछिए।'
Mini Pakistan: सीपीएम के वरिष्ठ नेता ने वायनाड चुनाव के बारे में क्या कहा था?
बता दें कि हाल ही में केरल में सत्ताधारी सीपीएम के वरिष्ठ नेता विजयराघवन ने भी दावा किया था कि वायनाड में प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी को जीत इसलिए मिली, क्योंकि 'उनके जुलूसों में सबसे खतरनाक कट्टरपंथी तत्व' शामिल थे और उन्हें 'कट्टरपंथियों और आतंकियों'का समर्थन हासिल था।
बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे को लेकर विवाद इस वजह से हो रहा है कि उन्होंने हाल ही में पुणे में एक रैली के दौरान केरल को 'मिनी पाकिस्तान' कह दिया था और दावा किया था कि राहुल और प्रियंका वहां 'आतंकियों' के समर्थन की वजह से जीते।












Click it and Unblock the Notifications