लॉकडाउन में नहीं मिल रहा था काम, प्रवासी मजदूर ने 22 हजार में कर दिया अपने बच्चे का सौदा
नई दिल्ली: लॉकडाउन की वजह से लाखों प्रवासी मजदूरों का रोजगार छिन गया है। इस बीच हैदराबाद में एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शराब और पैसों के लिए एक मजदूर ने अपने बच्चे का सौदा कर दिया। मामले का पता चलते ही उसकी पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को मामले में दखल देना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने बच्चे को बरामद कर पैसा जब्त कर लिया है। साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक प्रवासी मजदूर मदन की पत्नी को दो महीने पहले बच्चा हुआ था। लॉकडाउन की वजह से उसका काम बंद हो गया था। जिसके बाद उसने शराब और पैसे के लिए पड़ोसी सेशु के साथ मिलकर बच्चे को बेचने को प्लान बनाया। सेशु की बहन को कोई बच्चा नहीं था, ऐसे में वो मदन के बच्चे को खरीदने को तैयार हो गई। सेशु की बहन के घर पहुंचने के बाद मदन ने 50 हजार रुपये की डिमांड की, लेकिन बाद में 22 हजार में सौदा तय हुआ। बच्चा खरीदने वाली महिला भी काफी गरीब थी, उसका पति ऑटो चलाता था। उसने 22 हजार रुपये उधार लिए और बच्चे को खरीद लिया। इस दौरान स्टॉम्प पर मदन से बकायदा लिखवाया भी गया।
पत्नी ने किया हंगामा
मदन की पत्नी सरिता के मुताबिक उसका पति बहुत शराब पीता है। लॉकडाउन की वजह से काम धंधा सब बंद था, ऐसे में उन लोगों के सामने पैसे की तंगी आ गई थी। सरिता के मुताबिक उसके पति ने बिना बताए बच्चे का सौदा किया था। जिसके बाद वो घर में हंगामा करने लगी। इस बीच पुलिस वहां आ पहुंची और सारी सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसे शिशु विहार में रखवाया है। वहीं मदन, उसके पड़ोसी सेशु और उसकी बहन को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications