अभी नहीं शुरू होगी मेट्रो, सरकार की गाइडलाइंस के बाद डीएमआरसी ने दी जानकारी
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल सेवा के लिए यात्रियों को अभी और इंतजार करना होगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस के बाद ये जानकारी दी है। डीएमआरसी ने अपने बयान में कहा है कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं को अगले नोटिस तक बंद रखने का फैसला लिया जा रहा है।
Recommended Video

बता दें कि शनिवार को गृह मंत्रालय की ओर से 31 जून के बाद लॉकडाउन को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। कंटेनमेंट जोन में तीस जून तक पूरी तरह लॉकडाउन रहेगा। जिला प्रशासन केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों का ध्यान रखते हुए कंटेनमेंट जोन निर्धारित करेंगे। रात नौ बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी और देशभर में कर्फ्यू रहेगा। इसके अलावा कंटेनमेंट जोन के बाहर एक जून से सभी गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से खोलने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
पहले चरण में आठ जून के बाद से धर्मस्थलों, होटलों, रेस्त्राओं, शॉपिंग मॉल को खोलने की अनुमति दे दी जाएगी। इसके लिए सरकार अलग से दिशानिर्देश जारी करेगी। दूसरे चरण में स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थाओं को राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों से विमर्श के बाद जुलाई महीने में खोलने की अनुमति दी जाएगी। तीसरे चरण में परिस्थितियों के विश्लेषण के बाद अंतरराष्ट्रीय विमान यात्रा, मेट्रो सेवाओं, सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल और मनोरंजन पार्क आदि को खोलने की तारीख़ों की घोषणा की जाएगी।
तीसरे चरण में मेट्रो सेवाओं को खोलने पर विचार किया जाएगा। ऐसे में साफ है कि जून के अंत तक या उसके बाद ही इस पर कुछ फैसला हो पाएगा। फिलहाल मेट्रो का चलना संभव नहीं दिख रहा है। बता दें लॉकडाउन का चौथा चरण का कल 31 मई को खत्म हो रहा है। कोरोना वायरस के फैलने के बाद संक्रमण को रोकने के लिए देश में पहला लॉकडाउन 25 मार्च से लगाया गया था। 25 मार्च से 14 अप्रैल तक फिर 15 अप्रैल से 3 मई, 4 मई से 17 मई तक और फिर 17 मई से 3 मई तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications