कितनी पढ़ी लिखी हैं बांसुरी स्वराज? जिन्हें BJP ने नई दिल्ली से दिया लोकसभा टिकट, पहली बार लड़ेंगी चुनाव
Bansuri Swaraj Education: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव-2024 के लिए अपनी पहली लिस्ट में 195 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने नई दिल्ली लोकसभा सीट से बांसुरी स्वराज को टिकट दिया है।
बांसुरी स्वराज भाजपा की दिग्गज नेता रह चुकीं दिवंगत सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) की बेटी हैं। सुषमा स्वराज दक्षिण दिल्ली सीट से सांसद रह चुकी थीं। बांसुरी स्वराज को केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के स्थान पर नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।

Who is Bansuri Swaraj: ऐसे में बांसुरी स्वराज कितनी पढ़ी लिखी हैं और अब-तक उन्होंने क्या-क्या किया है, इसके बारे में लोग जानना चाहते हैं?
- 2023 में बांसुरी स्वराज को दिल्ली में भाजपा के कानूनी प्रकोष्ठ के सह-संयोजक के रूप में नियुक्त किया गया था। 40 वर्षीय बांसुरी स्वराज पेशे से वकील हैं।
- पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज सुप्रीम कोर्ट की वकील हैं। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री ली है।
- लॉ की पढ़ाई करने से पहले बांसुरी स्वराज ने इंग्लैंड के वारविक विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की डिग्री ली है।

- बांसुरी का कानूनी करियर लंबा है। बांसुरी हरियाणा की अतिरिक्त महाधिवक्ता थीं और 2007 से निजी प्रैक्टिस कर रही हैं।
- दिल्ली बीजेपी की चुनाव समिति ने जो सूची केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी थी, उसमें बांसुरी स्वराज का नाम सबसे ऊपर था।
बांसुरी स्वराज बोलीं- 'मां याद आ रही हैं...'
भाजपा से टिकट मिलने पर बांसुरी स्वराज ने पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा और पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है। मीडिया से बात करते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा कि, ''मैं आज अपनी दिवंगत मां सुषमा स्वराज को बहुत ज्यादा याद कर रही हूं। उनका आशीर्वाद मुझ पर बरस रहा है, इसलिए मुझे भाजपा ने इस लायक समझा है। आज मां जहां कहीं से भी मुझे देख रही होंगी, मेरी बलईयां ले रही हों।''

बांसुरी स्वराज ने आगे कहा, ''आज मेरी मां की कही हुई बातें सच हो रही है। उन्होंने जो भविष्यवाणी की थी, वो आज सच हुआ है। मैं पूरे मन से बीजेपी के मेनिफेस्टो में लिखे एक-एक वादे को पूरा करने की कोशिश करूंगी।''












Click it and Unblock the Notifications