500-1000 के नोटबंदी पर मायावती का मोदी पर हमला कहा, यह 'आर्थिक आपातकाल' है
पीएम मोदी ने यह सबकुछ सिर्फ और सिर्फ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया है। पूंजीपति अपना इंतजाम पहले ही कर चुके हैं।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 500-1000 के नोट बंद करने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। मायावती ने कहा कि यूपी चुनाव से पहले आर्थिक आपातकाल लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी की नियत साफ नहीं है। मायावती ने कहा कि यह नोट बंदी का फैसला देश हित में नहीं है। मोदी के इस फैसले से गरीब,किसान और मजदूर परेशान हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मायावती ने कहा कि पीएम मोदी ने यह सबकुछ सिर्फ और सिर्फ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया है। पूंजीपति अपना इंतजाम पहले ही कर चुके हैं। मायावती ने मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि सरकार काले धन पर ढाई साल तक चुप क्यों रही। सरकार विदेशों से कालाधन वापस क्यों नहीं लाई?
मायावती ने कहा कि मोदी के इस फैसले से कालाबाजारी बढ़ गई है। उदाहरण के तौर पर देख लीजिए कि इस फैसले के तुरंत बाद कुछ देर के लिये पेट्रोल पम्पों पर लूट मच गई। मायावती ने कहा कि भाजपा ने उनसे साठगांठ की है कि जितना कमाना है कमा लो, कुछ हिस्सा हमको दे देना।
चुनाव में जनता सिखाएगी सबक
मायावती ने कहा कि आम आदमी मोदी सरकार की घोर लापरवाही से त्रस्त है। कानून का पक्षपात पूर्ण इस्तेमाल हो रहा है। मायावती ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कांग्रेस और बीजेपी का चाल चरित्र चेहरा एक है। चुनाव में जनता उन्हें सबक सिखाएगी।












Click it and Unblock the Notifications