छह राज्यों में 100 फीसदी आबादी को लगी कोरोना वैक्सीन की पहली डोज, स्वास्थ्य मंत्री ने दी बधाई
नई दिल्ली, 11 सितंबर: देश में जारी कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान में छह राज्यों ने 18 साल से ज्यादा की पूरी आबादी को वैक्सीन देने में सफलता हासिल कर ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर इसके लिए इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को बधाई दी है। अपनी पूरी वयस्क आबादी को कोविड वैक्सीन को पहली खुराक दे चुके राज्य और केंद्र शासित प्रदेश- गोवा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, सिक्किम, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव हैं।

गोवा में 11.83 लाख डोज लगी हैं। हिमाचल प्रदेश में 55.74 लाख, लद्दाख में 1.97 लाख, सिक्किममें 5.10 लाख, लक्षद्वीप में 53,499 दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव में 6.26 लाख टीके लगे हैं। देश की बात की जाए तो देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 73,82,07,378 है।
100 फीसदी वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड सबसे पहले हिमाचल प्रदेश ने बनाया था, इसके बाद सिक्किम ने यह रिकॉर्ड बनाया। अब छह राज्यों ने इसमें कामयाबी पा ली है। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सैजाली ने 30 नवंबर तक इन सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। बता दें कि देश में इस साल जनवरी में टीकाकरण का काम शुरू हुआ था। चरणबद्ध तरीके से देश की आबादी को टीके लगाए जा रहे हैं। 18 साल से ज्यादा की उम्र के सभी लोग टीका लगवा सकते हैं। देश में मुख्य तौर पर ऑक्सफोर्ड की कोरोना वैक्सीन, जिसे भारत में कोविशील्ड के नाम से बनाया जा रहा है और भारत बायोटेक की कोविशील्ड का इस्तेमाल हो रहा है।
देश में कोरोना की स्थिति
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक रविवार को देशभर में 28,591 नए कोरोना केस सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 338 लोगों की मौत हुई है। अब देश में एक्टिव केसों की संख्या 3,84,921 है। वहीं कोरोना से हुई मौतों की संख्या अब तक 4,42,655 हुई है। देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 3,32,36,921 है।












Click it and Unblock the Notifications