आतंकवाद के तंत्र को बंद करें पाकिस्तान : मनमोहन सिंह
संयुक्त राष्ट्र| पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र करार देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत सभी मसलों को बातचीत के जरिये हल करने को तैयार है बशर्ते पाकिस्तान आतंकवाद के तंत्र को बंद कर दे। संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री ने कहा, "राज्य प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद भारत के लिए चिंता का विषय है। यह भी तथ्य है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में आतंकवाद का केंद्र स्थित है।"
महासभा में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अपने संबोधन में कहा कि वार्ता को शुरू कर वे एक नई शुरुआत करेंगे। मनमोहन सिंह ने इस पर कहा कि वे पाकिस्तानी नेता की भावनाओं को समझते हैं और रविवार को उनसे मुलाकात के प्रति उत्सुक हैं।
मनमोहन सिंह ने कहा, "भारत शिमला समझौते के तहत पाकिस्तान के साथ जम्मू एवं कश्मीर सहित सभी मसलों को द्विपक्षीय बातचीत के जरिये समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है।"
मनमोहन सिंह ने साथ ही कहा कि इस मसले में प्रगति हो इसके लिए जरूरी है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ होने वाले आतंकवाद के लिए अपनी धरती का उपयोग न होने दे और आतंकवाद के केंद्रों को बंद करे। इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications