अभिजीत बनर्जी को नोबेल पुरस्कार मिलने पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने क्या कहा?
नई दिल्ली। भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अभिजीत बनर्जी को अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार मिलने पर उन्हें देश के कोने-कोने से बधाई संदेश मिल रहे हैं। पुरस्कार की घोषणा होने के कुछ देर बाद ही पीएम मोदी ने ट्वीट कर अभिजीत बनर्जी को बधाई दी थी। इस लिस्ट में अब भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी नाम शामिल हो गया है। मनमोहन ने बनर्जी का नाम नोबेल पुरस्कार के लिए चयन होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि, खुशी की बात है कि एक बार फिर यह सम्मान एक भारतीय को मिलने जा रहा है।

बता दें, अभिजीत बनर्जी और उनकी पत्नी एस्थर डूफलो को अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार मिलने जा रहा है। इस घोषणा के बाद से कोलकाता में जश्न का माहौल है। मनमोहन सिंह ने बनर्जी को खत लिखकर कहा कि, यह मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है कि आप दूसरे भारतीय बनने जा रहे हैं जिन्हें अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा, इससे पहले यह प्रतिष्ठित सम्मान मेरे प्रिय प्रोफेसर आमर्त्य सेन को मिला था। मनमोहन सिंह ने अभिजीत बनर्जी की पत्नी एस्थर डूफलो को भी नोबेल के लिए चुने जाने पर खुशी जताई है।
मनमोहन सिंह ने आगे कहा कि, मेरी ओर से आपको और जिनका भी चयन नोबेल पुरस्कार के लिए हुआ है उनको बहुत बधाई। मुझे खुशी है कि, अर्थशास्त्र के एक विद्यार्थी को सम्मानित किया जा रहा है। अभिजीत को नोबेल पुरस्कार मिलने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर खुशी जताई है। उन्होंने लिखा कि, अभिजीत ने सैद्धांतिक न्याय दिलाने में मदद की जिसमें भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ाने और गरीबी को खत्म करने की ताकत है।
यह भी पढ़ें: Nobel Prize 2019: अभिजीत से पहले भी कई भारतीयों को मिल चुका है नोबेल, जानिए कौन हैं वो
अभिजीत बनर्जी के अलावा इन्हें मिला नोबेल पुरस्कार
बता दें, साल 2019 के अर्थशास्त्र क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के लिए अभिजीत बनर्जी के अलावा उनकी पत्नी एस्थर डूफलो सहित अमेरिका के माइकल क्रेमर का नाम संयुक्त रूप से चुना गया है। इन तीनों को यह पुरस्कार वैश्विक स्तर पर गरीबी उन्मूलन के लिए उनके द्वारा किये गये कार्यों को देखते हुए दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications