Video: 'इनके ये आंसू सोने नहीं देंगे', मणिपुर पीड़ित परिवार स्वाति मालिवाल से मिलकर रोने लगे
Manipur violence DCW chief Swati Maliwal : दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने मंगलवार को उन दो महिलाओं के परिवारों से मुलाकात की, जिनसे 4 मई को मणिपुर में नग्न परेड कराई गई थी, जिसका एक वीडियो पिछले हफ्ते वायरल हुआ था।
स्वाति मालीवाल ने उनकी बातचीत का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, "मणिपुर की बर्बरता की पीड़ित बेटियों के परिवार से मिली... इनके ये आंसू बहुत दिन तक सोने नहीं देंगे। अब तक इनसे कोई मिलने तक नहीं आया।"

वीडियो में मालीवाल को पीड़िता के परिवार की एक महिला को गले लगाते और सांत्वना देते देखा जा सकता है।
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और सरकार के अन्य अधिकारियों पर निशाना साधते हुए मालीवाल ने सवाल किया कि अब तक पीड़ितों से मिलने कोई क्यों नहीं आया।
अपने एक अन्य ट्वीट में स्वाति मालीवाल ने कहा, मणिपुर में जिस बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ उनके पति से मिली। उन्होंने देश के लिए कारगिल का युद्ध लड़ा। उन्होंने मुझे बोला कि आप पहली हो जहां यहां हमसे मिलने आई। उन्होंने बोला कि 'दिल्ली महिला आयोग हिम्मत और मोहब्बत से यहां इन मुश्किल हालातों में हमारे पास आया।''
स्वाति मालीवाल ने आगे कहा, ''मेरी अपील है प्रधानमंत्री जी से और देश के सभी बड़े मंत्रियों से, आपके पास Z+ सुरक्षा है, हर सुविधा है। अगर मैं यहां पहुंच सकती हूं तो आप भी आ सकते हो। प्यार से हर समस्या का हल संभव है।''
पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद स्वाति मालीवाल मोइरांग में राहत शिविर का दौरा किया और बताया कि महिलाओं और बच्चों सहित लोग वहां मुश्किल परिस्थितियों में रह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications