जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर कसा तंज, कहा- SC कोर्ट के जजों की टीम मणिपुर पहुंच गई, प्रधानमंत्री कब जाएंगे?
Manipur News: सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के मणिपुर दौरे पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री मणिपुर कब जाएंगे? उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश वहां गए मुझे इस बात की खुशी है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रधानमंत्री मणिपुर पर अभी भी चुप क्यों हैं? वह असम जाते हैं, मणिपुर नहीं जाते है।
उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बताचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी मणिपुर का दौरा करने गए छह न्यायाधीशों का स्वागत करती है। पिछले 22 महीनों में सैकड़ों लोग मारे गए हैं, लगभग 60,000 लोग विस्थापित हुए हैं। जिसके वजह से वे लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि वे बैंकॉक जाने से पहले या वापस लौटते समय मणिपुर का दौरा करें।

PM का दौरा उनके दर्द को कम करने के लिए महत्वपूर्ण: जयराम रमेश
उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि बैंकॉक जाते समय या बैंकॉक से लौटते समय प्रधानमंत्री मणिपुर का दौरा करने के लिए कुछ समय निकालेंगे। प्रधानमंत्री का दौरा उनके दर्द को कम करने के लिए महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि पीएम मोदी बैंकॉक में आयोजित होने वाले बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के लिए 2 से 4 अप्रैल तक थाईलैंड की यात्रा पर जाने वाले हैं।
आगे उन्होंने कहा मुझे उम्मीद है कि जल्द ही एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मणिपुर जाएगा, जिसे सरकार मणिपुर जाने की अनुमति देगी। हमारे प्रधानमंत्री 2 अप्रैल को बैंकॉक जा रहे हैं, उन्हें इम्फाल के रास्ते बैंकॉक जाना चाहिए। अगर हम पूर्व की ओर काम करना चाहते हैं, तो हमें मणिपुर से काम करना होगा, क्योंकि यह पूर्वी एशिया का प्रवेशद्वार है।
प्रधानमंत्री मणिपुर कब जाएंगे? जयराम रमेश
जयराम रमेश ने कहा, राष्ट्रपति शासन 13 फरवरी 2025 को लगाया गया था, लेकिन सवाल यह उठता है कि जब खुद सुप्रीम कोर्ट ने 1 अगस्त 2023 को कहा था कि मणिपुर में संवैधानिक व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है, तो राष्ट्रपति शासन लगाने में 18 महीने क्यों लगे? यह अच्छी बात है कि सुप्रीम कोर्ट के जज चले गए, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि प्रधानमंत्री कब जाएंगे?
गृह मंत्री मिजोरम जाते हैं, मणिपुर क्यों नहीं गए?
उन्होंने अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गृह मंत्री मिजोरम जाते हैं, मणिपुर क्यों नहीं गए? और मिजोरम के मुख्यमंत्री ने अमेरिका जाकर जो बातें कही हैं, उनसे कई सवाल उठते हैं। फरवरी 2022 में एनडीए ने भारी बहुमत से चुनाव जीता, लेकिन 15 महीने के भीतर ही मणिपुर जलने लगा। इसका कोई जवाब नहीं है। प्रधानमंत्री क्यों नहीं गए, इसका उनके पास कोई जवाब नहीं है।
बता दे कि न्यायमूर्ति बीआर गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश, न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सहित सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मणिपुर के चुराचांदपुर में एक राहत शिविर का दौरा किया।












Click it and Unblock the Notifications