'BJP नेताओं ने ही कांग्रेस के साथ मिलकर रची साजिश,मेरे खिलाफ करवाए दंगे', मणिपुर के EX- CM बीरेन सिंह का आरोप
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपनी ही पार्टी बीजेपी के कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि राज्य में पार्टी के कुछ नेताओं ने कांग्रेस के साथ मिलकर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने की साजिश रची थी। बीरेन सिंह ने यहां तक कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने की बात कुछ बीजेपी नेता पचा नहीं पाए थे। इसी वजह से उनके खिलाफ राजनीतिक खेल खेला गया और उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
न्यूज एजेंसी PTI को दिए एक इंटरव्यू में बीरेन सिंह ने कहा कि 2017 से ही राज्य बीजेपी के कुछ नेताओं ने उनके साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया। हालांकि उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उनके मुताबिक साजिश में राज्य इकाई के कुछ नेता शामिल थे।

'कुछ नेता मुझे CM के रूप में स्वीकार नहीं कर पाए', BJP में अंदरूनी कलह का दावा
बीरेन सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी के कुछ विधायक उन्हें मुख्यमंत्री के तौर पर स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आने के बाद भी वह दो बार मुख्यमंत्री बने। यह बात पार्टी के कुछ नेताओं को पसंद नहीं आई। बीरेन सिंह के मुताबिक, ऐसे नेता बीजेपी को अपनी निजी पार्टी समझते थे और इसी सोच के चलते उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर उनके खिलाफ योजना बनाई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे बीजेपी नेतृत्व पर उनका कोई आरोप नहीं है, लेकिन राज्य के कुछ नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। बीरेन सिंह का दावा है कि इन्हीं लोगों ने हालात ऐसे बनाए कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ा।
बीरेन सिंह का सवाल- 'मेरे हटने के बाद भी मणिपुर में हिंसा क्यों नहीं रुकी?'
बीरेन सिंह ने उस दलील पर भी सवाल उठाया कि उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने से मणिपुर में शांति लौट आएगी। उन्होंने कहा कि उनके इस्तीफे के बाद भी राज्य में अलग-अलग समुदायों के बीच हिंसा जारी रही। उन्होंने नागा और कुकी समुदायों के लोगों की मौत का जिक्र करते हुए पूछा कि अब उन्हें इसके लिए कौन जिम्मेदार ठहराएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उन पर बहुसंख्यक समुदाय का पक्ष लेने और राज्य में ध्रुवीकरण बढ़ाने के आरोप लगाए जाते थे। लेकिन अब ईसाई समुदाय के अलग-अलग समूहों के बीच भी टकराव देखने को मिला है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि यूरोपीय संघ अब कहां है।
बीरेन सिंह का यह सवाल जुलाई 2023 में यूरोपीय संसद की ओर से मणिपुर हिंसा पर पारित प्रस्ताव के संदर्भ में था। उस प्रस्ताव में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, हिंसा रोकने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई गई थी।
ड्रग्स और अफीम की खेती के खिलाफ अभियान पर सरकार को घेरा
मणिपुर की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए बीरेन सिंह ने कहा कि बीजेपी को जनता का भरोसा दोबारा हासिल करने के लिए जमीन पर काम दिखाना होगा। उन्होंने ड्रग्स के खिलाफ अभियान, अफीम की खेती पर कार्रवाई और संदिग्ध अवैध प्रवासियों की पहचान जैसे मुद्दे उठाए।
उनका कहना था कि उनके कार्यकाल में शुरू किए गए अभियानों को बंद नहीं होना चाहिए। संदिग्ध अवैध प्रवासियों की बायोमेट्रिक पहचान जारी रहनी चाहिए। बीरेन सिंह ने कहा कि अगर ऐसे लोगों को देश से बाहर भेजना संभव नहीं है, तो कम से कम उन्हें कैंप में रखा जा सकता है। उन्होंने इसे राज्य के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया।
बीरेन सिंह ने मौजूदा सरकार पर जनता तक अपनी कार्रवाई की जानकारी नहीं पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रेस के जरिए बताती थी कि कितने लोगों की पहचान की गई है, लेकिन पिछले डेढ़ साल से इस बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई। उनके मुताबिक सरकार काम कर रही है तो उसे जनता के सामने भी रखना चाहिए, तभी खोया हुआ भरोसा लौट सकता है।
चुनाव से पहले BJP को किस बात का डर? बीरेन सिंह ने खुद बताई चिंता
मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे वक्त में बीरेन सिंह ने कहा कि बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती जनता का विश्वास वापस हासिल करना है। उनसे पूछा गया कि क्या लोगों की नाराजगी चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचा सकती है? इस पर उन्होंने कहा कि यही उनकी सबसे बड़ी चिंता है।
हालांकि मौजूदा सरकार की आलोचना के बावजूद उन्होंने बीजेपी की सत्ता में वापसी का समर्थन किया। बीरेन सिंह ने कहा कि अगर मणिपुर को बचाना है और उसका भविष्य बेहतर बनाना है, तो बीजेपी को फिर से सत्ता में लाना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व हालात सुधारने के लिए दखल देगा।
उन्होंने सीमा पर बाड़ लगाने और संदिग्ध अवैध प्रवासियों की बायोमेट्रिक पहचान जैसे कदमों को भी जनता तक पहुंचाने की जरूरत बताई। उनके मुताबिक लोगों को यह भरोसा होना चाहिए कि सरकार के पास राज्य के भविष्य को लेकर ठोस योजना है।
'लोग मुझे फिर मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं', वापसी पर क्या बोले बीरेन?
जब बीरेन सिंह से पूछा गया कि क्या बीजेपी के दोबारा सत्ता में आने पर वह मुख्यमंत्री बन सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि इस पर फैसला पार्टी को बहुमत मिलने के बाद ही होगा। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज है।
उन्होंने अपने कार्यकाल के अधूरे कामों को लेकर भी दुख जताया। बीरेन सिंह ने इसकी वजह पार्टी के भीतर एकजुटता की कमी और नेताओं के बीच खींचतान को बताया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कैंसर के इलाज के लिए विशेषज्ञ की जरूरत होती है, किसी दूसरे क्षेत्र के डॉक्टर की नहीं। उनका इशारा था कि मणिपुर जैसे हालात को संभालने के लिए सही नेतृत्व और समझ जरूरी थी।
बीरेन सिंह ने दावा किया कि उनके कार्यकाल के आखिरी दौर में राज्य में हालात सामान्य होने की दिशा में बढ़ रहे थे, लेकिन नेताओं की राजनीतिक खींचतान ने इस प्रक्रिया को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि नेताओं ने राजनीति की और दबाव के आगे झुक गए।
कब और क्यों देना पड़ा था बीरेन सिंह को इस्तीफा?
एन बीरेन सिंह ने 9 फरवरी 2025 को मणिपुर के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उस वक्त बीजेपी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर असंतोष बढ़ रहा था। कांग्रेस भी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में थी।
उस समय बीरेन सिंह की कैबिनेट में मंत्री रहे वाई खेमचंद सिंह उन वरिष्ठ बीजेपी नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने कथित तौर पर केंद्रीय नेतृत्व को सरकार गिरने की आशंका जताई थी। उनका कहना था कि अगर नेतृत्व नहीं बदला गया तो सरकार मुश्किल में पड़ सकती है। फिलहाल मणिपुर की कमान वाई खेमचंद सिंह के पास है। वह फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री बने थे।
बीरेन सिंह ने 15 मार्च 2017 को मणिपुर के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। उस चुनाव में बीजेपी को 60 में से 21 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस ने 28 सीटें जीती थीं। इसके बावजूद क्षेत्रीय दलों और दूसरे विधायकों के समर्थन से बीजेपी ने सरकार बनाई। मार्च 2022 में बीजेपी ने अपने दम पर बहुमत हासिल किया और बीरेन सिंह दूसरी बार मुख्यमंत्री बने।
उनका राजनीतिक सफर 2002 में डेमोक्रेटिक रिवोल्यूशनरी पीपुल्स पार्टी से शुरू हुआ था। 2003 में वह कांग्रेस में शामिल हुए और 2016 में बीजेपी का दामन थाम लिया। अब उनके ताजा आरोपों ने मणिपुर बीजेपी की अंदरूनी राजनीति और 2025 में हुए सत्ता परिवर्तन को फिर चर्चा में ला दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
