Video: आखिरी पल तक पति के साथ रहीं मंदिरा बेदी, अर्थी को उठाकर तोड़ दी रूढ़िवादी सोच की जंजीर
मुंबई, 30 जून। बॉलीवुड को जैसे किसी की बुरी नजर लग गई है, बीते दो वर्षों में इतने कलाकारों और फिल्मी हस्तियों ने हमारा साथ छोड़ा कि अब डर लगने लगा है कि बॉलीवुड से अगली बुरी खबर ना सामने आ जाए। बुधवार को भी फिल्म इंडस्ट्री को एक ऐसे ही सदमे से गुजरना पड़ा जब, फिल्म डायरेक्टर-प्रोड्यूसर और एक्ट्रेस मंदिरा बेदी के पति राज कौशल के निधन की खबर मिली। 30 जून की सुबह करीब 4.30 बजे राज कौशल को हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया। पति के निधन के बाद से मंदिरा बेदी अब खुद के साथ-साथ अपने बच्चों और परिवार को संभाल रही हैं।

मंदिरा ने कई महिलाओं को दी प्रेरणा
करियर हो या पर्सनल लाइफ मंदिरा बेदी ने हमेशा से ही महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है। उन्हें कई मौकों पर महिलाओं के लिए चलाए गए कैंपेन में भी बढ़चढ़ कर भाग लेते देखा गया है। इतना ही नहीं क्रिकेट कमेंटेटर, एक्ट्रेस, मॉडल जैसी अपनी जिंदगी में कई भूमिकाएं निभा चुकीं मंदिरा बेदी हमेशा रूढ़िवादी विचारधारा के खिलाफ भी खड़ी नजर आई हैं। बुधवार को उन्होंने अपने पति की अर्थी को उठाकर ऐसे ही एक भावुक संदेश दिया।

मंदिरा बेदी ने उठाई पति की अर्थी
सोशल मीडिया पर पति राज कौशल की अर्थी को उठाते मंदिरा बेदी का एक वीडियो भी सामने आया है जिसको देखने के बाद हर कोई इमोशनल हो गया। एक तरफ जहां भारतीय समाज में यह धारणा है कि महिलाएं किसी के भी अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होतीं, वहीं मंदिरा बेदी का यह कदम महिला शक्ति का एक उदाहरण बन गया है। मंदिरा बेदी आखिरी समय तक अपने पति के साथ थीं, उन्होंने काफी दूर तक अपने पति की अर्थी को उठाए रखा।

रूढ़िवादी सोच को किया दरकिनार
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिरा बेदी अन्य लोगों के साथ राज कौशल की अर्थी को आगे से पकड़ा हुआ है। इस दौरान मंदिरा बेदी के दूसरे हाथ में हांडी भी दिखाई दी। बॉलीमेट्रो द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर लोगों का भी खूब समर्थन मिल रहा है, कई लोगों ने मंदिरा बेदी की हिम्मत की प्रशंसा कर उनका हौसला भी बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि राज कौशल के शव को अस्पताल से श्मशान घाट ले जाया गया, जहां मंदिरा बेदी ने रूढ़िवादी सोच को दरकिनार करते हुए पति की अर्थी उठाई।

मंदिरा बेदी पर टूटा दुखों का पहाड़
आपको बता दें कि महज 49 साल की उम्र में राज कौशल के निधन के बाद मंदिरा बेदी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राज कौशल ने रविवार को ही दोस्तों के साथ पार्टी की थी और सोमवार को सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर बताया था कि 'उनका रविवार का दिन शानदार रहा।' राज ने 'प्यार में कभी-कभी', 'शादी का लड्डू', 'एंथनी कौन है' जैसी फिल्मों को डायरेक्ट किया था। उन्होंने 'माई ब्रदर निखिल', 'शादी का लड्डू' 'प्यार में कभी-कभी' जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस भी किया था। उनकी अकस्मात मौत से बॉलीवुड एक बार फिर से शोक में डूब गया है।

साल 1996 में हुई थी मंदिरा-राज की पहली मुलाकात
मंदिरा और राज की अब तक की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उन्हें देखकर कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि उनके रिश्ते में सिर्फ प्यार की जगह थी। दोनों की पहली मुलाकात साल 1996 में एक शो के ऑडिशन को दौरान हुई थी। उस वक्त राज कौशल मुकुल आनंद के चीफ असिस्टेंट थे और 'फिलिप्स 10' नाम के शो का ऑडिशन ले रहे थे। उस वक्त रेड एंड व्हाईट टीशर्ट पहने मंदिरा को राज देखते ही रह गए थे, उस वक्त मंदिरा बेदी टीवी सीरियल 'शांति' और फिल्म 'दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगी' के लिए काम कर रही थीं।
यह भी पढ़ें: मंदिरा बेदी के पति राज कौशल की मौत, नेहा धूपिया ने की संडे पार्टी की फोटो शेयर, लिखी इमोशनल बात












Click it and Unblock the Notifications