एक शाम पहले ही बिगड़ गई थी राज की तबीयत, सुबह 4 बजे मंदिरा से कहा- मुझे बहुत बेचैनी...
राज कौशल को अपनी तबीयत बिगड़ने का अंदाजा हो गया था और उन्होंने इस बारे में मंदिरा बेदी को बताया भी था...
नई दिल्ली: फिल्म अभिनेत्री मंदिरा बेदी के पति राज कौशल के निधन से बॉलीवुड सदमे में है। बुधवार को अचानक हार्ट अटैक की वजह से राज कौशल का निधन हो गया। महज 49 साल के राज कौशल के निधन की खबर जब उनके दोस्तों ने सुनी, तो किसी को अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ। दरअसल दो दिन पहले ही राज कौशल ने अपने दोस्तों के साथ पार्टी की थी और इंस्टाग्राम पर तस्वीरें भी शेयर कीं। हालांकि राज कौशल को अपनी तबीयत एक शाम पहले यानी मंगलवार से ही ठीक नहीं लग रही थी और उन्होंने इस बारे में मंदिरा बेदी को बताया भी था। इस बात की जानकारी अब राज कौशल के दोस्त और म्यूजिक डायरेक्टर सुलेमान मर्चेंट ने दी है।

'सुबह 4 बजे राज को महसूस हुई बेचैनी'
ईटाइम्स की खबर के मुताबिक, सुलेमान मर्चेंट ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'मंगलवार शाम से ही राज कौशल खुद को ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। हालांकि उन्हें लगा कि ये एसिडिटी है और राज ने एक एंटासिड टैबलेट ले ली। वक्त आगे बढ़ता गया और सुबह करीब 4 बजे राज को ज्यादा बेचैनी महसूस होने लगी। राज ने मंदिरा को बताया कि उसे हार्ट अटैक आ रहा है। इसके बाद मंदिरा ने तुरंत मदद के लिए आशीष चौधरी को फोन करके अपने घर बुलाया।'

'जब तक डॉक्टर के पास पहुंचते, देर हो चुकी थी'
सुलेमान मर्चेंट ने आगे बताया, 'मंदिरा और आशीष ने राज को हॉस्पिटल ले जाने के लिए कार में बिठाया, लेकिन वो बेहोश हो रहा था। मेरे ख्याल से आशीष और मंदिरा राज को लीलावती हॉस्पिटल ले जाना चाहते थे। लेकिन, अगले 5-10 मिनट में ही उन्हें एहसास हो गया कि राज की नब्ज जा चुकी है। इससे पहले कि वो दोनों राज को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचते, बहुत देर हो चुकी थी।'

एक बार पहले भी आया था राज को हार्ट अटैक
राज कौशल को इससे पहले भी एक बार हार्ट अटैक आ चुका था। इस बात की जानकारी देते हुए सुलेमान मर्चेंट ने बताया, 'मुझे लगता है कि राज की उम्र उस समय 30-32 साल होगी, जब उन्हें पहली बार हार्ट अटैक आया। लेकिन, इस हार्ट अटैक के बाद से ही राज की तबीयत को लेकर मंदिरा काफी सतर्क रहती थी और हर बात का ध्यान रखती थी। राज की तबीयत में भी उस हार्ट अटैक के बाद से सुधार था।'

'25 साल पुराने दोस्त को खो दिया'
अपने दोस्त को याद करते हुए सुलेमान मर्चेंट ने बताया, 'मैंने अपने 25 साल पुराने दोस्त को खो दिया, इससे बड़ा सदमा मेरे लिए क्या होगा। मैं राज को उस वक्त से जानता था, जब वो फिल्म 'दस' के सेट पर मुकुल आनंद को असिस्ट करते थे। कोरोना महामारी के दौरान मैं कुछ महीने पहले ही राज और मंदिरा से मिलने उनके घर भी गया था। उनकी पहली फिल्म 'प्यार में कभी कभी' के लिए मैंने और सलीम ने ही म्यूजिक दिया था।'

दो दिन पहले ही राज ने की थी पार्टी
सुलेमान मर्चेंट ने कहा, 'मैं और राज कौशल अक्सर एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। जिस समय हम अपनी एल्बम 'भूमि 2020' शुरू करने जा रहे थे, तो राज ने मढ़ आईलैंड वाला अपना बंगला हमें ऑफर किया, जिसे उन्होंने शूटिंग के मकसद से किराए पर लिया था। लेकिन, कुछ वजहों से हम वहां शूटिंग नहीं कर पाए।' आपको बता दें कि राज कौशल ने रविवार को अपने दोस्तों जहीर खान, सागरिका घाटगे, आशीष चौधरी, समिता बांगरगी, नेहा धूपिया और अंगद बेदी के साथ पार्टी की थी, जिसकी तस्वीर भी उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपलोड की।

मंदिरा ने दिया राज की अर्थी को कंधा
राज कौशल के निधन के बाद सदमे में डूबी मंदिरा बेदी ने ना केवल खुद को संभाला, बल्कि समाज को एक बड़ा संदेश भी दिया। दरअसल अपने पति राज कौशल के अंतिम संस्कार के वक्त मंदिरा बेदी ने खुद उन्हें कंधा दिया। भारतीय समाज में ऐसा माना जाता है कि महिलाएं अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकतीं, लेकिन मंदिरा बेदी ने इस रूढ़िवादिता को तोड़ दिया।

कैसे हुई थी राज और मंदिरा की मुलाकात
राज और मंदिरा बेदी की जोड़ी बॉ़लीवुड की सबसे जिंदादिल जोड़ियों में गिनी जाती है। वो साल 1996 था, जब मंदिरा बेदी और राज कौशल ने एक दूसरे को पहली बार देखा। मुकुल आनंद के चीफ असिस्टेंट के तौर पर काम करने वाले राज कौशल उस वक्त एक शो 'फिलिप्स 10' के लिए ऑडिशन ले रहे थे। उस वक्त तक मंदिरा को भी फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' और धारावाहिक 'शांति' से काफी पहचान मिल चुकी थी। सेट पर जैसे ही राज कौशल ने मंदिरा को देखा, वो उन्हें दिल दे बैठे। इसके बाद मुलाकातों का दौर शुरू हुआ और दोनों एक दूसरे के हो गए।












Click it and Unblock the Notifications